Advertisement

रांची में हेमंत सोरेन के खिलाफ भाजपा का जोरदार प्रदर्शन: लाठी चार्ज, आंसू गैस के गोले दागे गए , कई घायल

मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी ने हेमंत सरकार की नीति और भ्रष्‍टाचार के खिलाफ रांची में जोरदार...
रांची में हेमंत सोरेन के खिलाफ भाजपा का जोरदार प्रदर्शन: लाठी चार्ज, आंसू गैस के गोले दागे गए , कई घायल

मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी ने हेमंत सरकार की नीति और भ्रष्‍टाचार के खिलाफ रांची में जोरदार प्रदर्शन किया। हेमंत हटाओ झारखंड बचाओ के नारे गूंजते रहे। इसी गूंजते नारे के साथ प्रोजेक्‍ट भवन (सचिवालय) का घेराव करने जा रहे भाजपा कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठी चार्ज किया, वाटर कैनन का इस्‍तेमाल किया, आंसू गैस के गोले छोड़े। पथराव भी हुआ। लाठी चार्ज और पथराव के कारण भाजपा के कई नेताओं, कार्यकर्ताओं, पुलिस के जवानों और मीडियाकर्मियों को भी चोट लगी है। इंडिया टीवी के पत्रकार का सिर भी फटा। लाठी चार्ज के खिलाफ भाजपा ने कल बुधवार को काला दिवस मनाने की घोषणा की है।

प्रोजेक्‍ट भवन से पहले धुरवा गोलचक्र पुलिस और प्रदर्शनकारियों का रणक्षेत्र बना रहा। आक्रोशित कार्यकर्ता जब बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने लगे तब पुलिस को लाठी चार्ज करना पड़ा, वाटर कैनन का इस्‍तेमाल करना पड़ा। भीड़ को भगाने के लिए कई राउंड आंसू गैस के गोले भी छोड़ने पड़े। भाजपा के प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने इलाके में धारा 144 लागू कर रखा था। प्रदर्शन को देखते हुए बीस इंस्‍पेक्‍टर, दो सौ दारोगा, रैफ और करीब डेढ़ हजार पुलिस के जवान तैनात किये गये थे। प्रदर्शन के दौरान सांसद संजय सेठ, समीर उरांव, सुनील सिंह, विधायक विरंची नारायण, अमित मंडल सहित अनेक कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।

रांची के सिटी एसपी ने कहा कि प्रदर्शन शंतिपूर्ण नहीं था, सड़कों पर पत्‍थर देख लीजिए। पथराव में रैफ के कई जवान और मीडियाकर्मी को भी चोट लगी है। बैरिकेडिंग के रस्‍से खोल दिये, तोड़ दिये। तब पुलिस को वाटर कैनन, आंसू गैस और हलका लाठी चार्ज करना पड़ा। इधर भाजपा ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर बर्बर लाठी चार्ज का आरोप लगाते हुए इसके विरोध में बुधवार प्रदर्शन का एलान किया है।

प्रदर्शन में भाग लेने के लिए पूरे प्रदेश से हजारों की संख्‍या में नेता, कार्यकर्ता रांची पहुंचे थे। लंबे समय के बाद पार्टी के तमाम बड़े नेता, सांसद, विधायक प्रदर्शन में जुटे थे। मंगलवार को निर्धारित कार्यक्रम के तहत पार्टी कार्यकर्ता धुर्वा के प्रभात तारा मैदान में जुटे। यहां भाजपा के प्रदेश प्रभारी लक्ष्‍मी कांत वाजपेयी, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, अन्‍नपूर्णा देवी, सांसद निशिकांत दुबे, पूर्व मुख्‍यमंत्री रघुवर दास, पूर्व सीएम व विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी, क्षेत्री सह संगठन मंत्री नागेंद्र जी सहित बड़ी संख्‍या में भाजपा के वरिष्‍ठ नेता मौजूद थे। यहां भाजपा नेता तानाशाही, नियोजन, घोटालों, महिला अपराध आदि को लेकर हेमंत सरकार पर जमकर हमला बोला। नारेबाजी करते रहे। 

पूर्व मुख्‍यमंत्री मंत्री रघुवर दास ने कहा कि हेमंत सरकार सभी मोर्चे पर फेल है। जनता भ्रष्ट एवं निकम्मी सरकार से त्रस्त हो गई है। इसलिए हेमंत सरकार को हटाने के लिए सड़क पर है। उन्होंने कहा राज्य सरकार चाहे धारा 144 लगाई या 148 हम डरने वाले नहीं है। मौके पर केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि हेमंत सरकार जन भावनाओं के विरोध में काम कर रही है। यही कारण है कि प्रदेश भर से लोग यहां जुटे हैं।

नेताओं ने कहा कि भीड़ संदेश दे रही है कि हेमंत सरकार की उलटी गिनती शुरू हो गई है। यहां भाजपा नेताओं के संबोधन के बाद अचानक कार्यकर्ता प्रोजेक्‍ट भवन की ओर कूच कर गये। इधर भाजपा नेताओं ने कहा कि मुख्‍यमंत्री भाजपा के प्रदर्शन के डर से राजधानी छोड़कर संताल परगना चले गये। कार्यकर्ताओं को रांची आने से रोकने के लिए तमाम हथकंडे भी अपनाये गये, प्रशासन नाहक वाहन चेकिंग में लगा दिया गया।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad