Advertisement

छत्तीसगढ़ को मिला बेस्ट हार्टिकल्चर स्टेट अवार्ड

कृषि मंत्री की अगुआई में लगातार चार बार छग को कृषि कर्मण पुरस्कार से नवाजा गया है।
छत्तीसगढ़ को मिला बेस्ट हार्टिकल्चर स्टेट अवार्ड

जनता से जुड़े जमीनी नेता की छवि वाले और हाल ही जमीन हड़पने का आरोप और मुख्यमंत्री रमन सिंह की कथित नाराजगी झेल रहे छत्तीसगढ़ के कृषि और जल संसाधन मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने राज्य को बेस्ट हार्टिकल्चर स्टेट अवार्ड दिलाकर चेहरे की मुस्कान लौटा ली है। कृषि मंत्री की अगुआई में लगातार चार बार छग को कृषि कर्मण पुरस्कार से नवाजा गया है। 

कृषि मंत्रालय के द्वारा किसानों के हित में बेहतर योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए उद्यानिकी विभाग की सराहना के साथ राज्य को बेस्ट हॉर्टिकल्चर स्टेट के लिए हार्टिकल्चर लीडरशिप अवार्ड नई दिल्ली के होटल ताज के दरबार हॉल में आयोजित समारोह में हरियाणा के राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी द्वारा प्रदान किया गया। अवार्ड कृषि एवं सिंचाई मंत्री अग्रवाल ने ग्रहण किया। अवार्ड प्राप्त करने के बाद उन्होंने कहा कि यह अवार्ड छत्तीसगढ़ के उन सभी मेहनत करने वाले किसानों को समर्पित है जो बदलाव के पक्षधर हैं और समय के साथ चलने की कोशिश कर रहे हैं। यह अवार्ड उन सभी लोगों के लिए प्रेरणा का काम करेगा जो लोग खेती-किसानी के कामों में प्रयोगों से घबराते नही हैं और हिम्मत के साथ आगे बढ़ते हुए सफलता अर्जित करते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री डा. रमन ‌सिंह  के हवाले से बताया कि तेरह साल के भाजपा शासनकाल में पहली बार किसानों को दीवाली बोनस देने की घोषणा पहले ही कर दी गई है।

दूसरी ओर जानकारों का कहना है कि यह घोषणा अगर पूरी तरह जमीन पर उतर पाई तो इससे राज्य के तेरह लाख किसानो को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा और यह किसानो को छत्तीसगढ़ की खेती को एक ब्रांड बनाने के लिए प्रेरित करेगी।

भारतीय कृषि और खाद्य परिषद द्वारा आयोजित इस दसवें ग्लोबल एग्रीकल्चर लीडरशिप समिट में  नीति आयोग के सदस्य प्रोफेसर रमेश चंद्र और छत्तीसगढ़ के अतिरिक्त मुख्य सचिव अजय सिंह एवं संचालक उद्यानिकी एन.के़. पांडे समेत अनेक लोग उपस्थित थे।

 

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad