Advertisement

कुदरत के कहर का सामना करते देश के ये पांच राज्य

देश के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश होने से बाढ़ के हालात पैदा हो गए हैं। बिहार, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और असम में इस आपदा की चपेट में आने से कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।
कुदरत के कहर का सामना करते देश के ये पांच राज्य

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में रविवार को जमीन धंसने की एक त्रासदीपूर्ण घटना में 46 लोगों की मौत हो गई। वहीं, बिहार और असम में बाढ़ से हालात गंभीर बने हुए हैं। पिछले 24 घंटों में बिहार में ऐसी बारिश हुई, जैसे आसमान फट गया हो। राज्य के लगभग 12 जिले बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। बिहार के अलावा पश्चिम बंगाल, असम, त्रिपुरा समेत और कई राज्यों में भी बाढ़ से निपटने के लिए एनडीआरएफ और सेना की मदद ली जा रही है।

बिहार

बिहार डिजास्टर मैनेंजमेंट के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने बताया कि किशनगंज, अररिया, पूर्निया और कटिहार के अलावा बे‌तिया और मोतिहारी के कुछ हिस्से बाढ़ से अधिक प्रभावित हुए हैं। उन्होंने बताया कि एनडीआरएफ की पांच टीमें किशनगंज, दाो पूर्निया, एक अररिया में तैनात की गई हैं। वहीं, इसी तरह एसडीआर की टीमें भी राज्य के बाढ़ प्रभावित हिस्सों में तैनात हैं।

मौसम विभाग ने बिहार में आने वाले दो दिनों में भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। साथ ही, राज्य में बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हवाई दौरा करेंगे।

असम में बाढ़ की चपेट में आने से 10 लोगों की जानें जा चुकी हैं। वहीं, राज्य के करीब 21 जिले बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। जब‌कि, उत्तराखंड में भी बादल फटने से सात लोग लापता हैं और तीना लोगों के शव बरामद हुए हैं।

उत्तराखंड

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में बादल फटने से आसपास का इलाका बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग में मलबा से चार दुकानदारों के शव बरामद किए गए हैं। इसके अलावा 16 लोगों के नाले में बहने की सूचना पर उनकी खोजबीन जारी है। लापता लोगों में सेना के चार जवान भी शामिल हैं। यात्रा को फिलहाल रोक दिया गया है।

बादल फटने से जहां काली नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। मंगती में दो और सिमखौला में एक पुल क्षतिग्रस्त हुआ है और ऐलगाड़ में मुख्य मार्ग अवरुद्ध है। मंगती नाला इलाके में सेना के चार जवान और तीन स्थानीय लोग लापता हैं। मलबा में चार शव भी बरामद हुए हैं। पानी का बहाव इतना तेज था कि मंगती में दाो पुल, सिमखौला में एक पुल बह गया।

हिमाचल प्रदेश

हिमाचल प्रदेश के मंडी में भी भूस्खलन की चपेट में आने से कई लोगों की जान चली गई। अब तक मरने वालों की संख्या 46 हो गई है। हादसा इतना भयानक है कि अभी और लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। रविवार देर शाम तक रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद राहत बचाव का काम रोक दिया गया है।

उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश भी बाढ़ के कहर से अछूता नहीं है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा तय है। योगी श्रावस्ती, गोंडा, बहराइच, बस्ती इलाकों का दौरा करेंगे। बहराइच में बाढ़ से हालात काफी खराब हो गए हैं, जिले के 425 गांवों में सैलाब तबाही मचा रहा है।

असम

वहीं, पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों में भी मूसलाधार बारिश से बाढ़ के हालात पैदा हो गए हैं। असम में रविवार को 10 लोगों की मौत हुई है। राज्य में बाढ़ की स्थिति होने से करीब 21 जिलों में 22.5 लाख लोग प्रभावित हुए हैं और बचाव के लिए सेना को बुलाया गया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad