Advertisement

नाभा जेल से फरार आतंकी हरमिंदर सिंह मिन्टू दिल्‍ली से गिरफ्तार

खालिस्तान लिबरेशन फ्रंट :केएलएफ: के प्रमुख हरमिंदर सिंह मिन्टू को सोमवार को दिल्ली रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया गया। वह पटियाला के नाभा जेल से पांच अन्य कैदियों के साथ रविवार को फरार हो गया था।चंडीगढ़ में पंजाब पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, दिल्ली पुलिस ने दिल्ली रेलवे स्टेशन से मिन्टू को गिरफ्तार कर लिया।
नाभा जेल से फरार आतंकी हरमिंदर सिंह मिन्टू दिल्‍ली से गिरफ्तार

उन्होंने बताया कि दिल्ली पुलिस ने पंजाब पुलिस की खुफिया सूचना के आधार पर खूंखार आतंकवादी को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारी ने बताया, हमने मिन्टू के बारे में सूचना दी थी जिसके अधार पर दिल्ली पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि पंजाब पुलिस की एक टीम उसे लाने के लिए दिल्ली जाएगी।

मामले में यह दूसरी गिरफ्तारी है। रविवार शाम उत्तर प्रदेश पुलिस ने दिन दहाड़े जेल तोड़ने की साजिश रचने वाले कथित मास्टर माइंड परमिंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया था। उसे उत्तर प्रदेश के शामली जिले में कैराना से उस समय गिरफ्तार कर लिया गया जब एक पुलिस चौकी पर भागने के लिए इस्तेमाल की गयी एक टोयोटा फाॅर्च्‍यूनर  गाड़ी को रोका गया।

पुलिस की वर्दी में सशस्त्र लोगों ने रविवार को संतरियों को फाटक खोलने के लिए बरगलाया और उन्हें कैदियों के साथ जेल में बंद कर दनादन गोलियां चलायीं थी। इसके बाद मिन्टू पांच अन्य कैदियों के साथ फरार हो गया था।

अधिकारियों ने बताया कि भागने वाले अन्य कैदियों को पकड़ने के लिए प्रयास किये जा रहे हैं। थाईलैंड से नवंबर 2014 को यहां लाये जाने के बाद मिन्टू को पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। वह दस आतंकी मामलों में वांछित था। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पंजाब पुलिस ने केन्द्रीय एजेंसियों के साथ मिल कर केएलएफ प्रमुख के थाईलैंड में मौजूदगी के बारे में पता लगाया जिसके बाद उसे उसके प्रमुख सहयोगी गुरप्रीत सिंह गोपी के साथ भारत लाया गया था।

पंजाब पुलिस प्रमुख सुरेश अरोड़ा के मुताबिक, फरार होने वाले अन्य आतंकवादियों में कश्मीरा सिंह भी शामिल है। भाषा एजेंसी 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad