Advertisement

हैदराबाद में मदद के बहाने महिला डॉक्‍टर से रेप, फिर जिंदा जला दिया

हैदराबाद में मानवता को शर्मसार कर देने वाला एक मामला सामने आया है। शहर के बाहरी इलाके शादनगर में कुछ...
हैदराबाद में मदद के बहाने महिला डॉक्‍टर से रेप, फिर जिंदा जला दिया

हैदराबाद में मानवता को शर्मसार कर देने वाला एक मामला सामने आया है। शहर के बाहरी इलाके शादनगर में कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने एक महिला पशुचिकित्सक का बलात्कार करके उसकी हत्या आग लगाकर कर दी। उसका जला शव गुरुवार को पाया गया। 22 वर्षीय युवती की पहचान प्रियंका रेड्डी के नाम से हुई है, जिसका झुलसा हुआ शव रंगा रेंड्डी जिले के शादनगर कस्बे के निकट चतनपल्ली पुल पर पाया गया। मामले में ताजा जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, महिला आयोग ने भी इस मामले में अपनी कार्रवाई की।

 

महिला डॉक्टर प्रियंका रेड्डी के साथ ये हादसा तब हुआ जब वह शादनगर के अपने घर से कोल्लूरू गांव में एक पशु चिकित्सालय में अपने ड्यूटी करके निकली थी। प्रियंका ने बुधवार को अपनी बहन को कॉल कर कहा कि उसका दोपहिया वाहन घर लौटने के दौरान खराब हो गया है।

 

महिला आयोग की कार्रवाई

 

इस मामले की जांच के लिए राष्ट्रीय महिला आयोग अपनी एक टीम वहां भेज रहा है। यह पीड़ित परिवार की मदद करेगी। यह टीम पुलिस के साथ सहयोग इस बात को सुनिश्चित करेगी कि जल्द से जल्द कार्रवाई हो। आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने कहा कि लगता है कि सड़कों पर भेड़िए घूम रहे हैं, जो महिलाओं के इंतजार में हैं। उन्होंने कहा कि अभियुक्तों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर दोषी पाए जाने के बाद उन्हें फांसी पर लटका दिया जाए।

आखिरी बार अपनी बहन से महिला डॉक्टर ने की फोन पर बात

महिला डॉक्टर ने अपनी बहन को स्थिति के बारे में बताया और यह भी जाहिर किया कि उन्हें डर लग रहा है क्योंकि आसपास सिर्फ लोडिंग ट्रक और अनजान लोग हैं। इस पर बहन ने उन्हें टोल प्लाजा जाने या फिर स्कूटी छोड़ कैब से आने को कहा। महिला डॉक्टर ने अपनी बहन को बताया कि कुछ लोगों ने उन्हें मदद ऑफर की है और उन्होंने थोड़ी देर से कॉल बैक करने की बात कही, लेकिन बाद में जब परिवारजनों ने फोन लगाया तो फोन स्विच ऑफ आने लगा।

मामले की जानकारी मिलने के बाद छानबीन में जुटी पुलिस ने कहा कि एक महिला का झुलसा हुआ शव पुल के पास पाया गया है। उसकी उम्र 20 से 25 के बीच है। श्रीधर रेड्डी ने अपने बेटी के तौर पर प्रियंका के शव की पहचान की है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंच गए और सुराग के लिए पास के टोल गेट के सीसीटीवी फुटेज की स्कैनिंग कर रहे हैं।

ब्रिज के नीचे मिला महिला डॉक्टर का शव

शमशाबाद के पुलिस डीसीपी प्रकाश रेड्डी ने कहा, ब्रिज के नीचे मिला शव महिला डॉक्टर का ही है। उनकी बहन के साथ आखिरी बार फोन पर बात हुई थी उसकी रिकॉर्डिंग हमने सुनी उसके अनुसार उनकी स्कूटी का टायर पंचर हो गया था। वहां कुछ ट्रक ड्राइवर्स खड़े थे और वे उनकी स्कूटी का पंचर बनवाने के लिए ले गए। हमें शक है कि उन लोगों ने ही महिला डॉक्टर के साथ कुछ किया होगा हम उसकी तहकीकात कर रहे हैं।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला डॉक्टर का इनरवियर उसके शव से 100 मीटर की दूरी पर मिला है। इससे माना जा रहा है कि उन दरिंदों ने रेप की घटना को भी अंजाम दिया। मामले में पुलिस ने जांच शुरू करते हुए सीसीटीवी खंगालना शुरू कर दिए हैं। साथ ही में इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है कि महिला डॉक्टर को किसने मदद ऑफर की थी।

 

सोशल मीडिया पर लोगों ने की न्याय की मांग

 

हैदराबाद की इस घटना ने लड़कियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। डॉक्टर प्रियंका रेड्डी की जली हुई लाश हैदराबाद के बाहरी इलाके शादनगर के अंडरपास के पास मिली। लाश मिलने के बाद से ही सोशल मीडिया पर उन्हें न्याय दिलाने के लिए लोग आगे आ रहें हैं। ट्विटर पर #RIPPriyankaReddy और #JusticeForPriyankaReddy ट्रेंड कर रहा है। लोगों ने इस मामले को लेकर सख्त कार्रवाई करने के लिए कई ट्वीट भी किए।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad