Advertisement

केरल विधानसभाध्यक्ष कार्तिकेयन का निधन

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और केरल विधानसभा के अध्यक्ष जी. कार्तिकेयन का यकृत कैंसर के कारण सात मार्च को सुबह निधन हो गया।
केरल विधानसभाध्यक्ष कार्तिकेयन का निधन

कार्तिकेयन का बेंगलूर के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के अध्यक्ष ई. अहमद ने गहरा शोक व्यक्त किया है। वह 66 वर्ष के थे और उनके परिवार में उनकी पत्नी और दो बेटे हैं।

कार्तिकेयन के कार्यालय से जुड़े सूत्रों ने बताया कि उनका शनिवार सुबह साढे नौ बजे निधन हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केरल विधानसभा के स्पीकर जी कार्तिकेयन के निधन पर शोक प्रकट किया और कहा कि वह एक ऐसे जमीनी नेता के रूप में याद किए जाएंगे जिन्होंने अपना जीवन लोगों के लिए समर्पित किया। प्रधानमंत्री ने कहा,  मैं शोक संतप्त परिवार और उनके शुभचिंतकों को केरल विधानसभा स्पीकर जी कार्तिकेयन के निधन पर संवेदना प्रकट करता हूं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपने संदेश में कहा कि कार्तिकेयन का राजनीतिक कैरियर छात्र राजनीति से लेकर युवा, विधायी और प्रशासनिक राजनीति तक विस्तृत रहा। उन्होंने कहा कि उनके नहीं रहने से जो शून्य पैदा हुआ है, उसे भरना मुश्किल है। पूर्व रक्षा मंत्री ए. के. एंटनी ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि कार्तिकेयन का निधन पार्टी और राज्य के लिए एक बड़ी क्षति हैं। कार्तिकेयन यकृत संबंधी कैंसर से पीडि़त थे। उन्हें पिछले साल उपचार के लिए अमेरिका ले जाया गया था जिसके बाद उन्हें बेंगलूर के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अपनी साफ छवि और आमजन के लिए आसानी से उपलब्ध रहने के लिए पहचाने जाने वाले कार्तिकेयन ने कांग्रेस की छात्र इकाई केरल छात्र संघ (केएसयू) के एक कार्यकर्ता के रूप में अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी। उन्होंने बाद में संघ की राज्य इकाई के अध्यक्ष का कार्यभार संभाला। कार्तिकेयन ने 1995 और 2001 में ए. के. एंटनी सरकार के दो मंत्रिमंडलों में क्रमश: विद्युत मंत्रालय और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्रालय संभाला था। छह बार विधायक रह चुके कार्तिकेयन ने तिरवनंतपुरम उत्तर, आर्यनाड और अरविक्कारा विधान सभा क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व किया।

एआईसीसी के पूर्व सदस्य कार्तिकेयन ने केरल प्रदेश कांग्रेस समिति (केपीसीसी) के महासचिव और उपाध्यक्ष का भी कार्यभार संभाला। उन्होंने 2011 का विधानसभा चुनाव जीतने के बाद मौजूदा विधानसभा में अरविक्कारा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। केपीसीसी के अध्यक्ष वी एम सुधीरन ने कार्तिकेयन के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने अपना एक पुराना मित्र खो दिया और उनका निधन एक असहनीय क्षति है।

विपक्ष के नेता वी एस अच्युतानंदन ने कार्तिकेयन के निधन को पूरे राज्य के लिए अपूरणीय क्षति बताया। माकपा की राज्य इकाई के सचिव कोडियेरी बालाकृष्णन ने कहा कि नेता का निधन विधानसभा के लिए एक बड़ी क्षति है। राज्य मंत्रियों के एम मणि, पी जे जोसेफ और अदूर प्रकाश ने विधानसभा अध्यक्ष के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad