Advertisement

झारखंड में गरजे मोदी, कहा- गरीब आदिवासियों का पैसा लूटने वालों को जेल में बितानी होगी पूरी जिंदगी

झारखंड पहुंचे प्रधानमंत्री आक्रामक मुद्रा में थे। सिंदरी में खाद कारखाने के उद्घाटन और झारखंड को...
झारखंड में गरजे मोदी, कहा- गरीब आदिवासियों का पैसा लूटने वालों को जेल में बितानी होगी पूरी जिंदगी

झारखंड पहुंचे प्रधानमंत्री आक्रामक मुद्रा में थे। सिंदरी में खाद कारखाने के उद्घाटन और झारखंड को करीब 36 हजार करोड़ के तोहफे के बाद प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी धनबाद में रोड शो किया बरवाअड्डा में सभा की। जनसभा को संबोधित करते हुए भ्रष्टाचार के सवाल पर सत्ताधारी झामुमो और कांग्रेस पर जमकर बरसे। कहा कि इनके नेता सिर्फ अपनी तिजोरी भरने में लगे हैं। झामुमो का मतलब ही हो गया है जमकर खाओ।

जनता की गाढ़ी कमाई को लूटकर उन्होंने बेनामी संपत्तियों का पहाड़ बना लिया है। गरीबों, आदिवासियों को लूटने वालों की जिंदगी जेल में गुजरनी चाहिए। जो लूटा है उसे लौटना होगा, यह मोदी की गारंटी है बिना किसी का नाम लिए प्रधानमंत्री ने कहा कि नेताओं के घर से नोटों की गड्डियां निकल रही हैं। मैंने अपनी जिंदगी में कभी प्रत्यक्ष रूप से इतना पैसा नहीं देखा। पीएम ने जनता से सवालिया लहजे में कहा कि गरीब आदिवासियों का पैसा लूटने वालों को क्या आप सरकार में रहने देंगे?

लोगों के प्रति प्रचुर भरोसा जाहिर करते हुए कहा कि आपके जोश के कारण देश में एक ही गूंज सुनाई दे रही है, अबकी बार 400 पर। ये नारा यूं ही नहीं लग रहा। मोदी की गारंटी पर भरोसा के कारण लग रहा है। लोगों का जहां दूसरों से भरोसा खत्म होता है, मोदी की गारंटी शुरू होती है। उन्होंने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी की जमकर तारीफ की। खाद कारखाने को लेकर कहा कि लोगों का भरोसा टूट चुका था मगर मैंने शिलान्यास किया गारंटी दी और पूरा किया। देवघर में 2018 में शिलान्यास किया 2022 में लोकार्पण का भी मौका मिला। उसी समय देवघर एम्स की आधारशिला रखी थी इसका भी लोकार्पण किया। कांग्रेसी और उसके सहयोगी विकास के दुश्मन हैं। अटल जी उत्तरी कर्णपुरा बिजली प्रोजेक्ट को आकार दे गए थे मगर कांग्रेस आई तो प्रोजेक्ट में ताला लग गया। हमारी सरकार आई और आज उस प्रोजेक्ट से घर रोशन हो रहे हैं।

भ्रष्टाचार के मसले पर आक्रमण करते हुए बिना किसी का नाम लिए कहा कि जब मोदी भ्रष्टाचारियों पर एक्शन लेता है तो ये लोग तरह-तरह के बहाने बनाते हैं। जांच से भागते हैं क्योंकि लोग अपने कारनामे जानते हैं। झामुमो और कांग्रेस ने आदिवासियों को सिर्फ वोट बैंक ही समझा है। झारखंड में इतने जनजातीय परिवार हैं। इतने प्रतिभाशाली नौजवान हैं। ये लोग उनको कभी आगे नहीं बढ़ाएंगे। ये इसलिए नहीं कर पाते क्योंकि इनकी सोच है। अपने ही परिवार की सोचते हैं। झामुमो को चलाने वाले एक ही परिवार के लोग हैं। वे अपने परिवार का भला करेंगे कि आपका। उनको अपने बच्चों की चिंता है। मेरे लिए आप ही मेरे परिवारजन हैं। आपके बच्चों का भविष्य मेरी गारंटी है।

जहां तक इंडी गठबंधन का सवाल है इसके बिचौलयों का कमीशन बंद हो गया है तो मोदी को गाली देते हैं।झूठ फैलाते हैं पानी पी-पीकर गाली देते हैं। आपका आशीर्वाद है कि गालियों का असर नहीं पड़ता। वे जितना कीचड़ उछालेंगे उतने ही ज्यादा ही कमल खिलेंगे।

प्रधानमंत्री ने झारखंड की गठबंधन सरकार पर केंद्र सरकार की योजनाओं में अड़ंगा लगाने का भी आरोप लगाया। कहा कि धनबाद और आसपास का इलाका उद्यमियों और श्रमिकों का है। मोदी आपके लिए जो भी योजना बनाता है गठबंधन वाले उसमें अड़ंगा डालते हैं। कोरोना काल में मुफ्त राशन योजना शुरू की जिसका विरोध किया। हटने वाला है। मुफ्त राशन योजना चालू रहेगी ताकि गरीब के घरका चूल्हा जलता रहा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि झारखंड के गरीब भाई-बहन दूसरे राज्यों में रोजगार करने जाते हैं। उनको वहीं मुफ्त राशन मिलता रहे इसके लिए एक देश एक राशन कार्ड योजना बनाई। बीते 10 वर्षों में टायलेट, गैस कनेक्शन के जरिए बहनों की समस्या का समाधान किया है। उज्जवला की लाभार्थी बहनों को सस्ता गैस सिलेंडर बीजेपी दे रही है। इतने साल बाद भी झारखंड में जल जीवन मिशन का 50 प्रतिशत काम पूरा नहीं हो पाया है। इंडी गठबंधन सरकार यहां गरीबों के पक्के घर बनाने में भी रोड़े अटका रही है। उसमें भी मलाई खा जाते हैं। इंडी गठबंधन की सरकार विकास विरोधी है। जनता विरोधी है। मेरी गारंटी है कि आपको सीधा लाभ मिले।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad