Advertisement

यूपी से बाहर लोकसभा चुनाव लड़ेगी सपा, संगठन विस्तार की तैयारी

2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव को देखते हुए समाजवादी पार्टी ने प्रदेश में संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ...
यूपी से बाहर लोकसभा चुनाव लड़ेगी सपा, संगठन विस्तार की तैयारी

2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव को देखते हुए समाजवादी पार्टी ने प्रदेश में संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ अन्य राज्यों मध्य प्रदेश, उत्तराखण्ड, पश्चिमी बंगाल, राजस्थान, बिहार, झारखण्ड, छत्तीसगढ़ और गुजरात में भी विस्तार के लिए काम शुरू कर दिया है। इसी के मद्देनजर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 31 अगस्त को उत्तराखण्ड जाएंगे। इसके अलावा सितम्बर में मध्य प्रदेश के बालाघाट और सागर में भी कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की जा रही है।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा राष्ट्रीय पार्टी बनने की दिशा में कदम बढ़ा रही है। 28 जुलाई को हुए सपा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में संगठन को दूसरे राज्यों में विस्तार पर चर्चा हुई है। सपा मुखिया खुद रूचि ले रहे हैं और वह जल्दी ही अन्य राज्यों में कार्यक्रमों में हिस्सा भी लेंगे। सपा मुखिया 19-20 जुलाई को भोपाल गए थे। वहां कार्यकर्ताओं के साथ गुजरात के युवा नेता हार्दिक पटेल से भी मुलाकात की थी। सपा मुखिया मध्य प्रदेश, उत्तराखण्ड, पश्चिमी बंगाल, राजस्थान, बिहार, झारखण्ड, छत्तीसगढ़ और गुजरात पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। इन राज्यों में संगठन को मजबूती देने के लिए प्रभारियों की नियुक्ति की गई है और उनके कार्यों की समय-समय पर समीक्षा भी हो रही है। सपा के राजस्थान में पंडित रामकिशन, मध्य प्रदेश में गौरी शंकर, गुजरात में सुरेन्द्र सिंह, बिहार में देवेन्द्र सिंह यादव, उत्तराखण्ड में कुलदीप रावत, महाराष्ट्र में अबू आसिम आजमी, केरल में जाय एंटोनी प्रदेश अध्यक्ष हैं। इसके अलावा कर्नाटक, तमिलनाड़ु, तेलंगाना में भी पार्टी संगठन को गतिशील बनाने की प्रक्रिया चल रही है। माना जा रहा है कि सपा अन्य राज्यों में भी लोकसभा चुनाव लड़ेगी।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी ने बताया कि सपा देश में किसानों, नौजवानों, अल्पसंख्यकों के हितों के लिए संघर्ष करती रही है। अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी सरकार में विकास को जो विस्तार मिला था, उससे प्रदेश की जनता ही नहीं, अन्य प्रदेश की जनता भी परिचित है। इसलिए समाजवादी पार्टी के लिए वहां भी अनुकूल वातावरण बना है। इसी का नतीजा है कि अन्य प्रांतों के तमाम नेता भी राष्ट्रीय अध्यक्ष से सम्पर्क में हैं। वे भरोसा दिलाते हैं कि अब अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी शीघ्र राष्ट्रीय पार्टी का स्वरूप लेकर राष्ट्रीय राजनीति की दिशा में तेजी से कदम बढ़ायेगी। आज राजनीति में वैचारिक संकट की स्थिति है। साम्प्रदायिक और जातिवादी ताकतों से स्वतंत्रता आंदोलन के मूल्यों पर खतरा मंडरा रहा है। समाजवादी पार्टी इनके प्रति सतर्क और सजग है। 

एमपी के सांसद ने विस्तार के बारे में की चर्चा

मध्य प्रदेश के बालाघाट के पूर्व सांसद कंकर मुजारे ने शनिवार को अखिलेश यादव से मुलाकात कर समाजवादी पार्टी की राष्ट्रीय विस्तार की योजना के बारे में चर्चा की। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनावों की तैयारियां तेज हो गई हैं। समाजवादी पार्टी का वहां विधानसभा की सीटों पर चुनाव लड़ने का इरादा है। इस दौरान अहमद हसन, राजेन्द्र चौधरी, नरेश उत्तम पटेल, एसआरएस यादव शामिल थे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad