Advertisement

कर्नाटक में आज दिग्गजों का महामुकाबला, पीएम मोदी और सोनिया होंगे आमने-सामने

कर्नाटक में होने वाले विधानसभा चुनाव के आखिरी चरण में कांग्रेस और भाजपा के दिग्गज मंगलवार यानी आज...
कर्नाटक में आज दिग्गजों का महामुकाबला, पीएम मोदी और सोनिया होंगे आमने-सामने

कर्नाटक में होने वाले विधानसभा चुनाव के आखिरी चरण में कांग्रेस और भाजपा के दिग्गज मंगलवार यानी आज मैदान में हैं। जहां कांग्रेस की ओर से पूर्व पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी और अध्यक्ष राहुल गांधी मोर्चा संभालेंगे। तो भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अध्यक्ष अमित शाह के साथ योगी आदित्यनाथ पर प्रचार कार्यक्रम का जिम्मा है।

उत्तरी कर्नाटक के बीजापुर में सोनिया गांधी और नरेंद्र मोदी अपनी-अपनी पार्टियों की ओर से प्रचार की कमान संभालेंगे। पिछले दो सालों में सोनिया गांधी का ये पहला चुनाव प्रचार होगा।

आमने-सामने होंगे मोदी और सोनिया

आज कर्नाटक में होने वाली रैली में खास बात ये है कि प्रधानमंत्री मोदी और सोनिया गांधी एक ही जिले में एक-दूसरे के खिलाफ चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। सोनिया गांधी डेढ़ साल से ज्यादा समय बाद चुनाव प्रचार के लिए निकली हैं। वह कर्नाटक के बीजापुर में आज शाम साढ़े 4 बजे रैली करेंगी।

अमित शाह और योगी भी संभालेंगे राज्य में चुनाव प्रचार का जिम्मा

पीएम मोदी आज बीजापुर के विजयपुरा में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। उनका कोपाला, बेंगलुरु में भी चुनावी कार्यक्रम है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह राज्य के मादेकरी और कोदागू में चुनाव प्रचार का जिम्मा संभालेंगे, वहीं सीएम योगी कर्नाटक के भटकल, बयेंदूर और बेलगावी में 7 चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे।

लगभग 2 साल बाद प्रचार करेंगी सोनिया

कांग्रेस ने भी अपने 40 स्टार प्रचारकों को कर्नाटक के रण में उतारा है। अब खुद सोनिया गांधी भी यहां चुनाव प्रचार करने पहुंच रही हैं। सोनिया गांधी का 8 मई को ( आज) पहले से तय कर्नाटक दौरा कार्यक्रम है। साल 2016 में वाराणसी में चुनाव प्रचार के दौरान सोनिया गांधी की तबीयत खराब हो गई थी, उसके बाद से वे किसी प्रचार कार्यक्रम में नहीं उतरीं।

लंबे समय से सोनिया चुनावी गतिविधियों से खुद को दूर रखे हुए थीं

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया लंबे समय से चुनावी गतिविधियों से खुद को दूर रखे हुए थीं। पंजाब, गोवा, गुजरात, मणिपुर, नगालैंड, त्रिपुरा, मेघालय में भी वे चुनाव प्रचार में शामिल नहीं हुईं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad