Advertisement

तृणमूल कांग्रेस ने लोकतंत्र को खत्म करने की झलक पंचायत चुनाव में दिखाई: भाजपा

पश्चिम बंगाल पंचायत चुनाव में मतदान के दौरान हिंसा की खबरें आईं। ममता सरकार पर निशाना साधते हुए भाजपा...
तृणमूल कांग्रेस ने लोकतंत्र को खत्म करने की झलक पंचायत चुनाव में दिखाई: भाजपा

पश्चिम बंगाल पंचायत चुनाव में मतदान के दौरान हिंसा की खबरें आईं। ममता सरकार पर निशाना साधते हुए भाजपा ने कहा है कि भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले करना लोकतंत्र का गला घोंटना है।

भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, 'तृणमूल कांग्रेस की सरकार ने लोकतंत्र को तृणमूल (घास या जमीनी स्तर) से नष्ट करने की पूरी झलक आज के चुनाव में दिखाई है।'

इससे पहले भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने यहां कहा, ‘पंचायत चुनाव में ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भाजपा से डर गई है। तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता प्रदेश में लोकतंत्र की हत्या कर रहे हैं, बूथों पर कब्जा किया जा रहा है, तृणमूल सरकार के मंत्री हमारे कार्यकर्ताओं को थप्पड़ मार रहे हैं। इस मंत्री को तत्काल बर्खास्त किया जाना चाहिए।' उन्होंने राज्य में तृणमूल कांग्रेस पर खूनखराबा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि गुंडे हमला कर रहे हैं और पुलिस मौन है। हुसैन ने कहा कि ममता को जनता पर भरोसा नहीं है।

वहीं, सीपीआई-एम के महासचिव सीताराम येचुरी ने भी तृणमूल कांग्रेस पर लोकतंत्र को नष्ट करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, 'चुनाव आयोग राजनीतिक प्रतिनिधियों को समय नहीं दे रहा है। हम इसके खिलाफ प्रोटेस्ट करेंगे।' पत्रकारों पर हमले पर उन्होंने कहा, जो कैमरे में आ रहा है, वही तो मीडिया दिखा रहा है। हम पत्रकारों के साहस की प्रशंसा करते हैं।'

हिंसा के बीच हुआ मतदान

लंबी कानूनी लड़ाई के बाद पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव के लिए सोमवार को वोट डाले जा रहे हैं। इस बीच कई इलाकों में मारपीट, हत्या और बमबारी जैसी हिंसक घटनाओं की खबरें भी आईं, जिसमें 12 लोगों की मौत हो गई। पंचायत चुनाव का मुकाबला मुख्य रूप से टीएमसी, भाजपा और लेफ्ट के बीच है।

- बहरामपुर उप-मंडल अधिकारी दिबीनारायण चटर्जी ने कहा कि मुर्शिदाबाद जिले के बेल्दंगा पुलिस स्टेशन क्षेत्र के सुजापुर गांव में एक बूथ के पास एक व्यक्ति को गोली मार दी गई।

- मुर्शिदाबाद जिले के पार्टी नेता सुभाष मोंडल ने दावा किया कि पीड़ित बीजेपी का कार्यकर्ता था।

कूचबिहार में ममता सरकार के मंत्री रवीद्र नाथ घोष पर पोलिंग बूथ भाजपा कार्यकर्ता को थप्पड़ मारने का आरोप लगा है।

- सीपीआई(एम) ने राज्‍य चुनाव आयोग को लिखा कि उसके दो कार्यकर्ताओं पति और पत्‍नी के घर को आग लगा दी जिसमें उनकी मौत हो गई है। यह मामला 24 दक्षिणी परगना जिले का है।

- कूच बिहार के शुतबाड़ी में तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार समेत 20 लोग घायल हो गए हैं। कहा जा रहा है कि तृणमूल कांग्रेस और निर्दलीय उम्‍मीदवार के बीच हिंसा हुई है। इस विस्‍फोट में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है।

- बीरपारा में पोलिंग बूथ पर मतदाताओं को नहीं आने देने का टीएमसी कार्यकर्ताओं पर आरोप।

पश्चिम बंगाल में 621 जिला परिषदों , 6,157 पंचायत समितियों और 31827 ग्राम पंचायतों में चुनाव हो रहे हैं। चुनाव के लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किये गये हैं और असम, ओडिशा, सिक्किम और आंध्र प्रदेश से लगभग 1,500 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। इस चुनाव को लेकर तृणमूल, भाजपा और वाम दलों के बीच जमकर जुबानी जंग लड़ी गई।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad