Advertisement

गाजियाबादः मुरादनगर में श्मशान घाट की छत गिरने से 23 की मौत, 15 घायल, सीएम ने दिए जांच के आदेश

दिल्ली से सटे गाजियाबाद में बड़ा हादसा हुआ है। मुरादाबाद इलाके में बारिश के बीच यहां एक श्मशान घाट का...
गाजियाबादः मुरादनगर में श्मशान घाट की छत गिरने से 23 की मौत, 15 घायल, सीएम ने दिए जांच के आदेश

दिल्ली से सटे गाजियाबाद में बड़ा हादसा हुआ है। मुरादाबाद इलाके में बारिश के बीच यहां एक श्मशान घाट का लेंटर गिर गया है। लेंटर गिरने से गिरने से 23 लोगों की मौत हो गयी और 15 अन्य घायल हो गये। राहत और बचाव कार्य जारी है। पुलिस सूत्रों ने अनुसार छत का निर्माण हाल ही में किया गया था और यह बारिश के कारण ढह गयी।

जिलाधिकारी अजय शंकर पांडे ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आज तड़के से हो रही तेज बारिश के कारण मुरादनगर में बंबामार्ग पर स्थित श्मशान घाट परिसर की छत और दीवार गिर गई हैं। घटना के समय श्मशान घाट पर अंत्येष्टि हो रही थी, इस कारण वहां एकत्र करीब 40 से अधिक लोग मलबे में दब गये।

उन्होंने कहा कि इस घटना में 23 लोगों की मौत हो गयी है और 15 से अधिक लोग घायल हो गये। घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।  राहत और बचाव कार्य जारी है। मलबे से कई लोगों को निकाल लिया गया है। दमकल विभाग और एनडीआरएफ की टीम राहत और बचाव कार्य में जुटी है।

मुरादनगर में रहने वाले रामधन की रविवार सुबह मौत हो गई थी। उनके जानकार मुरादनगर के श्मशान घाट में उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने आए थे। इसी दौरान बारिश होने लगी तो लोग बचने के लिए लेंटर के नीचे खड़े हो गए तभी ये लेंटर भरभरा  कर गिर गया।

इस बीच, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। सीएम आदित्यनाथ ने मृतकों के आश्रितों को 02-02 लाख रुपये की अर्थिक सहायता देने निर्देश दिए है। उन्होंने इस घटना के संबंध में मेरठ के मण्डलायुक्त एवं एडीजी, मेरठ जोन को रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए हैं।

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने हादसे में अनेक लोगों की मृत्यु पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad