Advertisement

यूपी में बदायूं विधायक ने लिखी CM को चिट्ठी, कहा- विकास प्रोजेक्‍ट लाएं वरना 2019 में जीतना मुश्किल

उत्तर प्रदेश में भाजपा के विधायक अपनी ही सरकार के कामकाज से नाराज नजर आ रहे हैं। ऐसा तब कहा जा रहा है जब...
यूपी में बदायूं विधायक ने लिखी CM को चिट्ठी, कहा- विकास प्रोजेक्‍ट लाएं वरना 2019 में जीतना मुश्किल

उत्तर प्रदेश में भाजपा के विधायक अपनी ही सरकार के कामकाज से नाराज नजर आ रहे हैं। ऐसा तब कहा जा रहा है जब बदायूं जिले से पार्टी के विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने सीएम योगी आदित्यानाथ को चिट्ठी लिखकर 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर चिंता जताई है।

विधानसभा चुनाव 2017 में बदायूं में जबरदस्त जीत दर्ज करने वाले सपा सांसद धर्मेंद्र यादव के कामकाज की तारीफ करते हुए जिले के तीन भाजपा विधायक और एक एमएलसी ने विकास कार्यों को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ को चिट्ठी लिखी है। भाजपा विधायक ने कहा कि धर्मेंद्र यादव ने यहां इतने काम कराए हैं कि अब भी उनका प्रभाव है। साथ ही, उन्होंने मुख्यमंत्री के सामने कई मांगें रखी हैं। कहा कि ये काम जल्द शुरू नहीं किए गए तो लोकसभा चुनाव में बीजेपी का जीतना मुश्किल होगा।

2019 के लोकसभा चुनाव जीतना कठिन हो जाएगा

बदायूं से बीजेपी विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने सीएम को पत्र लिखकर बताया, 'विधानसभा में आर्थिक और शैक्षणिक विकास के लिए योजनाएं लाइए वरना बीजेपी उम्मीदवार के लिए 2019 के लोकसभा चुनाव को जीतना कठिन हो जाएगा।' महेश चंद्र गुप्त ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा है कि धर्मेंद्र यादव ने जितने विकास कार्य कराए हैं, उससे उनकी अच्छी छवि बनी हुई है।

जानें , भाजपा विधायक ने चिट्ठी में क्या लिखा

अपने पत्र में भाजपा विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने लिखा है, 'बदायूं जनपद देश व प्रदेश के अतिपिछड़े जनपदों में से एक है। बदायूं लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के भाई धर्मेंद्र यादव वर्ष 2009 से कर रहे हैं। वर्ष 2012 में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार के गठन के बाद सांसद धर्मेंद्र यादव के प्रयास से बदायूं जनपद में राजकीय मेडिकल कॉलेज स्थापित कराया गया, जो निर्माणाधीन है।'

 


 

सीएम को गिनाए सपा सांसद के काम

महेश चंद्र गुप्ता ने लिखा है, बदायूं शहर को जाम की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए ओवरब्रिज एवं बाइपास स्वीकृत कराया गया। बाइपास निर्माणाधीन है। बरेली से बदायूं तक चार लेन वाली सड़क का निर्माण कराया गया, जनपद के अन्य कई मार्गों को राज्य मार्ग का दर्जा दिलाया गया। कई डिग्री कॉलेज स्थापित कराए गए। दो नए विकास खंड सृजित कराए गए। राजकीय पॉलिटेक्निक बदायूं में राजकीय इंजिनियरिंग कॉलेज की स्थापना का भी प्रयास उनके द्वारा किया गया। समाजवादी पार्टी के शासनकाल में जनपद बदायूं में इतने प्रमुख कार्य होने से जनपद के नागरिकों में धर्मेंद्र यादव के प्रति आस्था बढ़ा है।

सपा सांसद के प्रति मोह तोड़ने का बताया फॉर्मूला

भाजपा विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने लिखा है कि नागरिकों की आस्था को तोड़ने के लिए आवश्यक है कि वर्तमान सरकार द्वारा भी जनपद में कुछ बड़े एवं कल्याणकारी कार्य कराए जाएं। विधायकों ने तर्क रखा कि वर्तमान में जिले की छह विधानसभा क्षेत्रों में पांच विधानसभाओं में बीजेपी के विधायक हैं। प्रदेश में सरकार भी बीजेपी की है। इसके बावजूद सांसद धर्मेंद्र यादव के प्रभाव में कोई कमी नहीं आई है। नागरिकों की आस्था समाजवादी पार्टी से तोड़ने के लिए अवश्यक है कि वर्तमान सरकार द्वारा कुछ बड़े व कल्याणकारी कार्य कराए जाएं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad