Advertisement

पैगंबर मोहम्मद विवाद: रांची में हुई हिंसा में दो लोगों की मौत, कल तक के लिए इंटरनेट बंद

भाजपा के दो निलंबित प्रवक्ताओं द्वारा पैगंबर मोहम्मद पर की गई टिप्पणी को लेकर रांची में हुए हिंसक...
पैगंबर मोहम्मद विवाद: रांची में हुई हिंसा में दो लोगों की मौत, कल तक के लिए इंटरनेट बंद

भाजपा के दो निलंबित प्रवक्ताओं द्वारा पैगंबर मोहम्मद पर की गई टिप्पणी को लेकर रांची में हुए हिंसक प्रदर्शनों में दो लोगों की मौत हो गई और सुरक्षाकर्मी समेत कई गंभीर रूप से घायल हो गए। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि आगे किसी भी तरह की घटना को नियंत्रित करने के लिए सुखदेव नगर, लोअर बाजार, डेली मार्केट और हिंदपीडी सहित 10 थाना क्षेत्रों में सीआरपीसी की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि जिले में 24 घंटे के लिए इंटरनेट भी बंद कर दिया गया है।

अधिकारियों ने कहा कि राज्य की राजधानी में शुक्रवार को हुई झड़पों में दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। डॉक्टरों ने बताया कि गंभीर रूप से घायल 13 लोगों को राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में भर्ती कराया गया है।

रिम्स के एक अधिकारी ने कहा, "उनमें से दो की कल देर रात मौत हो गई। तीन लोगों की हालत गंभीर है और वे जीवन के लिए संघर्ष कर रहे हैं। घायलों में सीआरपीएफ के जवान और पुलिसकर्मी शामिल हैं।"

बता दें कि कुछ हिंदुत्ववादी संगठनों ने शनिवार को रांची बंद का आह्वान किया है, जिसमें व्यापारियों से हिंसा के विरोध में अपनी दुकानें बंद रखने को कहा है। राज्यपाल रमेश बैस ने हिंसा की निंदा करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा है।

हिंसक प्रदर्शनकारी बीजेपी के निलंबित प्रवक्ता नूपुर शर्मा और नवीन जिंदल को पैगंबर मोहम्मद पर उनकी विवादित टिप्पणी के लिए गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं।

इस बीच, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार की हिंसा पर चिंता जताई। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी साजिश का हिस्सा न बनें और शांति व्यवस्था बनाए रखें।मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि उपद्रवियों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस बीच, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने रांची में हुई हिंसा को राज्य सरकार की विफलता करार दिया।

उन्होंने ट्वीट किया, “राजधानी रांची के मेन रोड में असामाजिक तत्वों द्वारा की गई तोड़फोड़ की कड़ी भर्त्सना करता हूं। सरकार वोट बैंक की राजनीति छोड़कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे, नहीं तो आने वाले दिनों में इस तरह की घटनाएं और बढ़ेंगी।”

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad