नवजोत सिद्धू की पत्नी और कांग्रेस नेता नवजोत कौर सिद्धू ने संकेत दिया कि अगर कांग्रेस सिद्धू को पार्टी का मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित करती है तो वह सक्रिय राजनीति में लौट आएंगे।
हालांकि, उन्होंने कांग्रेस की पंजाब इकाई के भीतर ‘‘अंदरूनी कलह’’ की ओर भी इशारा किया और दावा किया कि पहले से ही पांच नेता मुख्यमंत्री पद के इच्छुक हैं और वे सिद्धू को आगे नहीं आने देंगे।
नवजोत कौर सिद्धू ने कहा कि उनके पास किसी पार्टी को देने के लिए पैसा नहीं है, लेकिन वह पंजाब को एक ‘‘स्वर्णिम राज्य’’ में बदल सकते हैं।
उन्होंने राज्य में कथित तौर पर बिगड़ती कानून व्यवस्था सहित अन्य मुद्दों पर पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में एक सवाल के जवाब में कहा कि उनके पति कांग्रेस और पार्टी नेता प्रियंका गांधी से ‘‘गहराई से जुड़े’’ हैं।
यह पूछे जाने पर कि अगर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उन्हें यह जिम्मेदारी देती है तो क्या सिद्धू फिर से भाजपा में शामिल होंगे, उन्होंने कहा, ‘‘इस बारे में मैं उनकी ओर से कोई टिप्पणी नहीं कर सकती।’’