Advertisement

कृषि कानून वापस लेने पर अमरिंदर सिंह ने पीएम मोदी को कहा शुक्रिया, सिद्धू-केजरीवाल ने कही ये बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को राष्ट्र को संबोधित करते हुए कृषि कानूनों को वापस लेने का...
कृषि कानून वापस लेने पर अमरिंदर सिंह ने पीएम मोदी को कहा शुक्रिया, सिद्धू-केजरीवाल ने कही ये बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को राष्ट्र को संबोधित करते हुए कृषि कानूनों को वापस लेने का ऐलान कर दिया है। कई किसान संगठन इन कानूनों का लगातार विरोध कर रहे थे। पीएम के इस फैसले को लेकर पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने उन्हें धन्यवाद कहा है। वहीं पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने भी अपनी प्रतिक्रिया देते हुए काले कानूनों को निरस्त करना सही दिशा की ओर कदम बताया है। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने प्रतिक्रिया देते हुए किसानों को नमन किया।


अमरिंदर सिंह ने ट्वीट किया कि ग्रेट न्यूज, गुरुनानकजयंती के पवित्र अवसर पर हर पंजाबी की मांगों को मानने और 3 काले कानूनों को निरस्त करने के लिए पीएम मोदी को धन्यवाद। मुझे विश्वास है कि केंद्र सरकार किसानों के विकास के लिए मिलकर काम करती रहेगी!

नवजोत सिंह सिद्धू ने ट्वीट किया, काले कानूनों को निरस्त करना सही दिशा में एक कदम। किसान मोर्चा के सत्याग्रह को मिली ऐतिहासिक सफलता। आपके बलिदान से यह संभव हुआ है। पंजाब में एक रोड मैप के माध्यम से खेती को पुनर्जीवित करना पंजाब सरकार के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

पीएम के इस फैसले पर दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज प्रकाश दिवस के दिन कितनी बड़ी ख़ुशख़बरी मिली। तीनों क़ानून रद्द। 700 से ज़्यादा किसान शहीद हो गए। उनकी शहादत अमर रहेगी। आने वाली पीढ़ियाँ याद रखेंगी कि किस तरह इस देश के किसानों ने अपनी जान की बाज़ी लगाकर किसानी और किसानों को बचाया था। मेरे देश के किसानों को मेरा नमन।

बता दें कि प्रदर्शनकारी किसान नेता केंद्र सरकार की ओर से लाए गए कृषक उपज व्यापार और वाणिज्य (संवर्धन और सुविधा) कानून 2020, कृषक (सशक्तीकरण एवं संरक्षण) कीमत आश्वासन और कृषि सेवा करार कानून 2020 और आवश्यक वस्तु (संशोधन) कानून 2020 को वापस लेने और न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसलों की खरीद की कानूनी गारंटी देने की मांग करते आ रहे हैं। ये किसान नेता 26 नवंबर से दिल्ली की सीमाओं पर डेरा डाले हुए हैं।

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad