Advertisement

रांची में बोले राहुल गांधी, भाजपा का झूठ-सबसे मजबूत

कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी झारखंड दौरे पर हैं। यहां एक बार फिर उन्होंने मोदी सरकार पर जमकर निशाना...
रांची में बोले राहुल गांधी, भाजपा का झूठ-सबसे मजबूत

कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी झारखंड दौरे पर हैं। यहां एक बार फिर उन्होंने मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश का चौकीदार हर भाषण में झूठ बोलता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के सारे चौकीदारों की मान-मर्यादा का हनन किया है। यह चौकीदार चोर है। जिसने भारतीय वायुसेना से छीनकर अपने दोस्‍त अनिल अंबानी की जेब में 30 हजार करोड़ रुपये चुपके से पहुंचा दिए हैं। भाजपा का झूठ सबसे मजबूत है।

'वायुसेना के पैसे अनिल अंबानी के जेब में डाले'

उन्होंने कहा कि अच्छे दिन का नारा बदल गया है। अब कहा जा रहा चौकीदार चोर है। सारे चौकीदारों को बदनाम कर दिया। चौकीदार की बात होती है तो नरेंद्र मोदी की होती है। वायुसेना देश की रक्षा करती है। पायलट देश के लिए अपनी जान देते हैं। 30 हजार करोड़ वायुसेना से छीनकर अनिल अम्बानी की जेब में डाला। इससे बड़ी शर्म की बात नहीं हो सकती।

मुख्‍यमंत्री रघुवर दास पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि झारखंड का चौकीदार आदिवासियों की जमीन चोरी करता है। बिना किसान को पूछे जमीन उद्योगपतियों को दे रहा है। राहुल ने कहा कि मैंने कर्ज माफ करने की घोषणा की तो दिया भी। उन्‍होंने लोगों से पूछा कि अगर मैंने झूठे वादे किए, बता दो। नरेंद्र मोदी उद्योगपतियों का साढ़े तीन लाख करोड़ का लोन माफ कर सकते हैं, लेकिन किसानों का नहीं कर सकते। उन्होंने कहा, अच्छा मुझे एक बात समझाओ, इन सब चोरों के नाम मोदी ही क्यों है? ललित मोदी, नीरव मोदी, नरेंद्र मोदी।

गोड्डा सीट पर विवाद

इसके बाद उन्‍होंने बिरसा चौक पर बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्‍यार्पण भी किया। उन्‍होंने मोरहाबादी पहुंचकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया। इस बीच मंच से लोगों को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता इरफान अंसारी ने यहां भी गोड्डा सीट की रट लगाए रखी। यह वही सीट है जिस पर झारखंड में विपक्षी महागठबंधन को लेकर झारखंड विकास मोर्चा के साथ कांग्रेस का हाल के दिनों में विवाद सामने आया है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ अजय कुमार ने मंच से अपने संबोधन में कहा कि भाजपा को मेरा झूठ सबसे मजबूत नारा देना चाहिए। वरिष्‍ठ कांग्रेस नेता सुबोधकांत सहाय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और झारखंड के मुख्‍यमंत्री रघुवर दास पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र में फेंकू तो झारखंड में महा फेकू की सरकार चल रही है। कांग्रेस नेता आलमगीर आलम ने परिवर्तन रैली के मंच से किसानों के ऋण माफ करने की बात उठाई।

झामुमो के कार्यकारी अध्‍यक्ष हेमंत सोरेन के प्रतिनिधि स्टीफन मरांडी ने कहा कि झारखंड आंदोलन की जमीन है। यहां के लोग अंग्रेजों से लंबी लड़ाई लड़ चुके हैं। सीएनटी एक्ट में संशोधन कर यहां के लोगों को छेड़ा गया है। यह रैली बीजेपी के खिलाफ मुहिम की शुरुआत होगी। उन्‍होंने आशा जताई कि हमारा गठबंधन सारे देश में मजबूत रहे। झारखंड विकास मोर्चा के अध्‍यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने, अपनी मुट्ठी में लेने का प्रयास किया है। उन्‍होंने कहा कि झारखंड परिवर्तन की दहलीज पर खड़ा है। भाजपा ने 2014 की घोषणाओं की ओर देखा नहीं। जो घोषणा नहीं की थी, वही 5 साल तक करते रहे। भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकना है। सारे विपक्षी दल मिलकर मोदी सरकार को उखाड़ फेंकें। राज्‍य की रघुवर सरकार ने स्कूल बंद किए और दारू की दुकानें खोल दीं।

रांची एयरपोर्ट पहुंचने पर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने उनकी अगवानी की। राहुल गांधी का काफिला एयरपोर्ट से रवाना होकर बिरसा चौक के लिए निकला वहां पर बिरसा मुंडा की प्रतिमा को माल्यार्पण कर मोरहाबादी मैदान के लिए निकले। जहां उनका स्वागत पारंपरिक छऊ नृत्य के साथ किया गया।

कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद राहुल गांधी की झारखंड में यह पहली रैली है। साथ ही लोकसभा चुनावों को लेकर राहुल गांधी की यह महारैली विपक्षी महागठबंधन के औपचारिक एलान के बड़े प्‍लेटफार्म के तौर पर भी देखी जा रही है। अरसे बाद जल-जंगल जमीन की झारखंडी धरती पर सजने वाला यह बड़ा मंच जहां एक ओर से कांग्रेसियों को संजीवनी देकर जाएगा, वहीं दूसरी ओर लोकसभा चुनावों में दमदार प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री बनने की आस लगाए राहुल गांधी के लिए भी लांचिंग पैड से कम नहीं होगा।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad