Advertisement

भाजपा राज में बदहाल था कर्नाटक: पूर्व पीएम देवेगौड़ा

कर्नाटक में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राज्य और देश की राजनीति में सरगर्मियां बहुत तेजी से बढ़...
भाजपा राज में बदहाल था कर्नाटक: पूर्व पीएम देवेगौड़ा

कर्नाटक में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राज्य और देश की राजनीति में सरगर्मियां बहुत तेजी से बढ़ रही है। भाजपा, कांग्रेस और जनता दल (सेक्युलर) तीनों कर्नाटक चुनाव में एक-दूसरे की कमियां निकाल रहे हैं। इस बीच जनता दल सेक्युलर के अध्यक्ष एचडी देवेगौड़ा ने भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधा है।

भाजपा के शासन में बुरी तरह बदहाल था कर्नाटक

न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक, उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन में बुरी तरह बदहाल था कर्नाटक, भाजपा ने 5 साल में तीन मुख्यमंत्री बदले। उन्होंने कहा, कांग्रेस का पिछले पांच सालों में एक मुख्यमंत्री रहा है, देख लो लोकायुक्त का क्या हुआ। कर्नाटक लोक सेवा आयोग यहां तक कि निगमों का भी हाल देख लो, कितना बुरा है।

 मैं अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाया

प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का कार्यकाल पूरा नहीं कर पाने को लेकर जब उनसे सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'मुझे इस बात का दुख है कि मैं अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाया।'

जनता दल सेक्यूलर को बाप-बेटे की पार्टी के तौर पर देखने को लेकर देवेगौड़ा ने कहा, 'हमारी पार्टी में 4 पूर्व मंत्री पिछड़े तबके से आते हैं, जिसमें पांच बार मंत्री रह चुके नेता भी शामिल हैं। अगर मीडिया इसे नहीं देखती या समझती तो मैं इसपर सिर्फ हंस ही सकता हूं।'


 

कांग्रेस को समर्थन देने के बाद हालात ठीक नहीं 

देवेगौड़ा ने कहा कि मुझ पर आरोप है कि मैंने निगमों में कांग्रेस का समर्थन किया। अपनी धर्मनिरपेक्ष वाली छवि को बचाने के लिए, मैं कांग्रेस का समर्थन करने को तैयार हुआ। लेकिन, उसके बाद भी हमारी स्थिति क्या है?

मैं धर्मनिरपेक्षता के लिए खड़ा हूं

देवेगौड़ा ने कहा कि पहले दिन से मैं धर्मनिरपेक्षता के लिए खड़ा हूं, राजनीति के मोह में नहीं। जब मैं मुख्यमंत्री बना था तब मैंने डीजी रामलिंगम से पूछा कि पुलिस विभाग में कितने मुस्लिम कांस्टेबल हैं? उन्होंने कहा कि 0.01 प्रतिशत।

12 मई को होने हैं चुनाव

गौरतलब है कि कर्नाटक में 12 मई को चुनाव होने हैं। चुनाव एक ही चरण में होगा और 15 मई को मतगणना होगी। 224 सदस्यों वाली कर्नाटक विधानसभा का कार्यकाल मई में समाप्त हो रहा है। वर्तमान में कर्नाटक में कांग्रेस के सिद्धरमैया की सरकार है। विधानसभा में कांग्रेस के 122 विधायक हैं, जबकि भाजपा मुख्य विपक्षी पार्टी है और उसके पास 40 विधायक हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले होने वाले कर्नाटक विधानसभा चुनाव को काफी अहम माना जा रहा है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
  Close Ad