Advertisement

सावरकर पर टिप्पणी को लेकर बवाल, घिरे राहुल गांधी, ठाणे पुलिस ने दर्ज किया केस

स्वतंत्रता सेनानी वीडी सावरकर के खिलाफ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की तरफ से कथित रूप से...
सावरकर पर टिप्पणी को लेकर बवाल, घिरे राहुल गांधी, ठाणे पुलिस ने दर्ज किया केस

स्वतंत्रता सेनानी वीडी सावरकर के खिलाफ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की तरफ से कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में भाजपा, कांग्रेस और शिवसेना (शिंदे गुट) के बीच सियासत गरमा गई है। इसको लेकर बाला साहब शिवसेना नेता (शिंदे गुट) वंदना डोंगरे ने राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। यह शिकायत गुरुवार को ठाणे नगर पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई है। शिकायत में कहा गया है कि राहुल गांधी की टिप्पणी से स्थानीय नागरिकों की भावनाएं आहत हुई हैं। वहीं, शिकायत पर ठाणे पुलिस ने आईपीसी की धारा 500, 501 के तहत गैर-संज्ञेय (एनसीआर) मामला दर्ज किया है।

दरअसल, भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने गुरुवार को महाराष्ट्र के अकोला में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया था कि सावरकर ने आजादी से पहले अंग्रेजों को माफी के पत्र पर हस्ताक्षर करके एमके गांधी, जवाहरलाल नेहरू और सरदार पटेल जैसे नेताओं को धोखा दिया था।

राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के बाद बाला साहब शिवसेना नेता (शिंदे गुट), जो पार्टी की महिला अघाड़ी प्रमुख भी हैं, ने कहा कि कोई हमारे महापुरुषों का अपमान करे यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। डोंगरे ने कहा कि राहुल गांधी ने हमारे महापुरुषों का अपमान करने वाला बयान दिया है। इससे स्थानीय नागरिकों की भावनाएं भी आहत हुईं हैं।

बता दें कि राहुल गांधी के बयान के विरोध में डोंगरे ने गुरुवार को मार्च भी निकाला था। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की धरती पर हम अपने महापुरुषों का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे। मार्च के दौरान बाला साहब शिवसेना (शिंदे गुट) के प्रवक्ता और महाराष्ट्र के राज्य समन्वयक नरेश म्हस्के ने पुलिस से राहुल गांधी की गिरफ्तारी की भी मांग की थी।

सावरकर पर दिए बयान को लेकर भाजपा ने भी राहुल गांधी पर हमला बोला। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने वीर सावरकर पर दिए गए बयान को अपमानजनक बताया। साथ ही उन्होंने कहा कि राहुल गांधी इस बयान के लिए माफी मांगे। पात्रा ने कहा कि वीर सावरकर एक महान स्वतंत्रता सेनानी थे, जो हमारे दिलों के बहुत करीब हैं। यहां तक कि पूर्व प्रधान मंत्री इंदिरा गांधी ने भी उन्हें एक महान स्वतंत्रता सेनानी कहा था। पात्रा ने कहा कि जिन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ी, उन्हें अब राहुल गांधी धोखेबाज बता रहे हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad