Advertisement

गुरुदास कामत के निधन पर भावुक हुए राहुल, बोले- 'कांग्रेस परिवार के लिए बड़ा आघात है'

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुरुदास कामत का बुधवार को निधन हो गया है। वह 63 साल के थे। गुरुदास कामत मनमोहन...
गुरुदास कामत के निधन पर भावुक हुए राहुल, बोले- 'कांग्रेस परिवार के लिए बड़ा आघात है'

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुरुदास कामत का बुधवार को निधन हो गया है। वह 63 साल के थे। गुरुदास कामत मनमोहन सरकार में मंत्री भी रहे थे। वह महाराष्ट्र में कांग्रेस के बड़े नेता थे। कामत काफी समय से बीमार चल रहे थे।

पार्टी के नेता कामत के निधन की खबर मिलने के बाद यूपीए चेयपर्सन सोनिया गांधी अस्पताल पहुंची और दुख जताया।

कांग्रेस परिवार का एक हिस्सा चला गया: राहुल गांधी

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कामत के असामयिक निधन पर शोक जताते हुए इसे पार्टी के लिए बड़ी क्षति बताया। गांधी ने ट्वीट किया, ‘वरिष्ठ नेता गुरुदास कामत जी का असामयिक निधन कांग्रेस परिवार के लिए बड़ा आघात है।’ उन्होंने कहा, ‘गुरुदास जी ने मुंबई में कांग्रेस को खड़ा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, सभी उनका बहुत सम्मान और उनकी प्रशंसा करते थे। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।’ 

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने दी श्रद्धांजलि

कामत के यूं अचानक चले जाने से कांग्रेस में शोक की लहर है। पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने भी उनके असामयिक निधन पर शोक जताया है। मुखर्जी ने ट्वीट किया, ‘श्री गुरुदास कामत के अचानक और असामयिक निधन से शोकाकुल हूं। सरकार और पार्टी में वर्षों तक वह सहकर्मी रहे, इस अवस्था में उनका जाना दुखदाई है।’

 

कामत के निधन पर मनमोहन बोले- मैं सकते में और दुखी हूं

 

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अपने शोक संदेश में लिखा, ‘श्री गुरुदास कामत के अचानक और असामयिक निधन से मैं सकते में और दुखी हूं। मेरी संवदेनाएं उनके परिवार के सभी सदस्यों के साथ हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।’

 

कामत एक अनुभवी नेता थे- राजनाथ

 

 गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने भी शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘पूर्व केन्द्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता गुरुदास कामत के अचानक निधन से दुखी हूं। वह एक अनुभवी नेता थे जिन्होंने गृह मंत्रालय में राज्यमंत्री के तौर पर अपनी सेवा दी थी। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं।’

 

इस क्षति को बयां करने के लिए शब्द नहीं हैं: सुरजेवाला

 

कांग्रेस के प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा, ‘कांग्रेस नेता श्री गुरुदास कामत जी के अचानक निधन की सूचना पाकर बहुत आहत और दुखी हूं। इस क्षति को बयां करने के लिए शब्द नहीं हैं। उनके परिजनों, मित्रों और समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। दिवंगत की आत्मा को शांति मिले।’

दिल्ली के एक अस्पताल में ली अंतिम सांस

पूर्व केन्द्रीय मंत्री कामत बीमारी के चलते आज तड़के दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां आज उनका निधन हो गया। कामत ने दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित प्राइमस अस्पताल में अंतिम सांस ली। कामत ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के महासचिव और कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य रहे।  

ऐसा रहा कामत का राजनीतिक सफर

कामत को कांग्रेस ने गुजरात, राजस्थान, दादर एवं नगर हवेली, दमन और दीव का प्रभार भी सौंपा था लेकिन 2017 में कामत ने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया। वहीं नॉर्थ वेस्ट मुंबई से 2014 तक सांसद भी रहे।

कामत 2009 में उत्तर-पश्चिम मुंबई संसदीय सीट से लोकसभा सदस्य रहे। वह 1984, 1991, 1998 और 2004 में भी उत्तर-पूर्व मुंबई संसदीय सीट से चुनकर लोकसभा पहुंचे थे।

वह 2009 से 2011 तक केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री रहे। उनके पास संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार भी था। जुलाई, 2011 में उन्होंने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। वह मुंबई क्षेत्रीय कांग्रेस समिति के अध्यक्ष भी रहे। पेशे से वकील कामत ने मुंबई के आर ए पोद्दार कॉलेज से स्नातक और सरकारी विधि कॉलेज से कानून की पढ़ाई की थी।

अशोक गहलोत व्यक्त किया शोक

कामत के निधन पर कांग्रेस महासचिव और पूर्व राजस्थान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शोक प्रकट किया है। उन्होंने ट्वीट पर लिखा कि पार्टी के लिए यह नुकसान है। उन्होंने लिखा कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता गुरुदास कामत के अचानक निधन के बारे में सुनने से गहरा दुख हुआ। उनके परिवार के सदस्यों के प्रति मेरी दिल से संवेदना। भगवान इस नुकसान को सहन करने के लिए उन्हें शक्ति दे। उनकी आत्मा को शांति मिले।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad