उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने रायबरेली में उन्नाव रेप पीड़िता के सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने को बेहद दु:खद बताया है। साथ ही उन्होंने कहा कि उन्नाव से भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर भाजपा से निलंबित कर दिए गए थे और वह निलंबित चल रहे हैं। स्वतंत्र देव सिंह ने बताया कि सरकार पूरी तरह से पीड़िता के और उसके परिवार के साथ खड़ी है। उसका सरकारी खर्च पर उचित इलाज चल रहा है।
भाजपा ने नहीं की आधिकारिक घोषणा
स्वतंत्र देव सिंह ने बताया कि मेरी पूर्व अध्यक्ष से भी बात हुई है। पार्टी कुलदीप सेंगर को कभी बचाने के पक्ष में नही रही है। पार्टी पहले ही कुलदीप सेंगर को पार्टी से निलंबित कर चुकी है। सरकार निष्पक्ष जांच के पक्ष में है इसीलिए सीबीआइ को जांच सौंप दी गई है। स्वतंत्र सिंह भले ही कुलदीप सिंह सेंगर को निलंबित किए जाने का दावा कर रहे लेकिन भाजपा की तरफ से इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
प्रदेश सरकार पीड़िता के पक्ष में
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि पीड़िता का इलाज करने के लिए बड़े से बड़ा डॉक्टर लगाया गया है। हम उसके शीघ्र ही स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। पीड़िता के परिवार को सरकार से हर संभव मदद मिल रही है। उसके चाचा के पैरोल के लिए आज सरकार ने मदद की। उनको 24 घंटा का पैरोल मिला है। प्रदेश सरकार पीडि़ता के पक्ष में है।
‘सीबीआई जांच की मांग मानी गई’
स्वतंत्र देव ने कहा कि इस दुर्घटना में जिस ट्रक मालिक का नाम आ रहा है वो पूर्व में समाजवादी पार्टी का जिला सचिव रहा है। इसकी भी जांच चल रही हैं। प्रदेश सरकार ने परिवार के इस दुर्घटना की सीबीआइ जांच कराने की बात को मानकर संस्तुति भी कर दी है। हमको भरोसा है कि केंद्र सरकार भी इस पर अपनी मुहर लगा देगा।
‘ट्रामा सेंटर में भीड़ लगाने से इलाज में हो रही बाधा’
स्वतंत्र देव ने कहा कि विपक्षी पार्टियां इस दुर्घटना पर हो-हल्ला मचा रही हैं। उनके पास प्रदेश या देश में कोई मुद्दा नही है। ट्रामा सेंटर में बेवजह भीड़ लगाकर पीड़िता के इलाज में भी बाधा डालने का प्रयास किया जा रहा है। यह लोग प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार की लोकप्रियता के कारण कभी सोनभद्र तो कभी उन्नाव की घटना को उठा रहे है। पीड़िता के चाचा महेश सिंह को पैरोल के लिए सरकार ने पैरोकारी की है, उनको कल तक के लिए पैरोल मिल भी गया है।