Advertisement

महाराष्ट्र: बीजेपी का ग्राम पंचायत चुनावों में भारी जीत का दावा, कांग्रेस ने इसे बताया झूठा प्रचार

महाराष्ट्र में ग्राम पंचायत चुनावों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने 3,500 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज की...
महाराष्ट्र: बीजेपी का ग्राम पंचायत चुनावों में भारी जीत का दावा, कांग्रेस ने इसे बताया झूठा प्रचार

महाराष्ट्र में ग्राम पंचायत चुनावों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने 3,500 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि शिवसेना के एकनाथ शिंदे गुट द्वारा समर्थित उम्मीदवार 1,000 से अधिक सीटें जीत रहे हैं। राज्य भाजपा प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले ने मंगलवार को यह दावा किया।                   

इस बीच, कांग्रेस ने भाजपा के दावे को "झूठा प्रचार" बताते हुए खारिज कर दिया और कहा कि अकेले कांग्रेस से सबसे अधिक 900 से अधिक सरपंच चुने गए। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के एक नेता ने कहा कि ठाकरे के नेतृत्व वाले गुट से बड़ी संख्या में सरपंच (ग्राम प्रधान) चुने जा रहे हैं।               

बता दें कि महाराष्ट्र में कम से कम 7,751 ग्राम पंचायतों में 18 दिसंबर को मतदान हुआ था। परिणाम मंगलवार को घोषित किए जाएंगे। ग्राम पंचायत चुनाव आम तौर पर राजनीतिक दलों से संबद्धता के आधार पर नहीं लड़े जाते हैं।               

यहां विधान भवन परिसर के बाहर संवाददाताओं से बात करते हुए बावनकुले ने दावा किया कि ताजा रूझान के अनुसार भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने 3,500 से अधिक सीटों पर जीत हासिल की है और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले शिवसेना गुट के समर्थित उम्मीदवार 1,000 से अधिक सीटों पर जीत रहे हैं।               

नतीजे बताते हैं कि ग्रामीण महाराष्ट्र में लोगों का शिंदे-देवेंद्र फडणवीस सरकार पर भरोसा है। उन्होंने कहा कि पूरा राज्य 'भगवाकरण' हो रहा है और यह भाजपा की ऐतिहासिक जीत है। राज्य कांग्रेस प्रमुख नाना पटोले ने हालांकि भाजपा पर चुनाव परिणामों के बारे में गलत प्रचार करने का आरोप लगाया।              

उन्होंने कहा, "सबसे अधिक 900 से अधिक सरपंच अकेले कांग्रेस से चुने गए थे और महा विकास अघाड़ी (एमवीए) द्वारा जीती गई सरपंच सीटों की संख्या भाजपा की तुलना में कहीं अधिक है।" कांग्रेस नेता ने भाजपा को नागपुर जिले के सटीक आंकड़े पेश करने की चुनौती दी, जहां उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी ने 200 से अधिक सरपंच सीटें जीती हैं।

विधान परिषद में विपक्ष के नेता और शिवसेना (यूबीटी) के नेता अंबादास दानवे ने कहा कि उनके गुट से बड़ी संख्या में सरपंच चुने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हालांकि अभी तक पूर्ण परिणाम घोषित नहीं किए गए हैं, कुछ पार्टियां भारी जीत का दावा कर रही हैं, उन्होंने कहा कि परिणाम दोपहर 3 बजे के बाद सामने आएंगे और इसके बाद शिवसेना जानकारी देगी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad