गुजरात विधानसभा के चुनाव में दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल रहा है। शुरुआती रुझानों के साथ ही कांग्रेस भाजपा को कड़ी टक्कर देती दिखी, हालांकि बाद में भाजपा ने बढ़त बना ली। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के घर में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा।
पीएम मोदी का गृह नगर वडनगर जिस ऊंझा विधानसभा सीट में आता है, वहां कांग्रेस की उम्मीदवार आशा पटेल ने 19 हजार वोटों से जीत हासिल की है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, ऊंझा सीट पर कांग्रेस की प्रत्याशी को 81797 वोट मिले जबकि भाजपा उम्मीदवार नारायणभाई लल्लूदास पटेल उर्फ काका के खाते में 62268 वोट आए।
Gujarat - Unjha | ||
Result Declared | ||
Candidate | Party | Votes |
---|---|---|
DR. ASHA PATEL | Indian National Congress | 81797 |
PATEL NARAYANBHAI LALLUDAS (KAKA) | Bharatiya Janata Party | 62268 |
अपने गृह जिले मेहसाणा के मतदाताओं को लुभाने के लिए पीएम मोदी चुनाव प्रचार के आखिरी चरण में सी-प्लेट से धरोई बांध पहुंचे थे। लेकिन ऊंझा के नतीजों को देखकर कहा जा सकता है कि सी-प्लेन से पीएम मोदी की एंट्री खास असर नहीं छोड़ पाई। उत्तर गुजरात के इस इलाके में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी धुंआधार प्रचार किया था।
पाटीदारी की नाराजगी
साल 2012 के चुनाव में ऊंझा सीट पर भाजपा उम्मीदवार नारायण पटेल ने कांग्रेस की आशा पटेल को करीब 25 हजार वोटों से हराया था। लेकिन इस बार पाटीदारों की नाराजगी के चलते यह प्रतिष्ठित सीट भाजपा के हाथ से निकल गई है। इस सीट पर पाटीदारों का दबदबा है और उनकी तादाद 40 फीसदी के आसपास बतायी जाती है। यह इलाका पाटीदार आंदोलन का गढ़ रहा है इसलिए यहां भाजपा की हार के मायने समझ आते हैं। इस चुनाव में पाटीदार समुदाय की भाजपा से नाराजगी जगजाहिर है। पाटीदारों खासकर हार्दिक पटेल के समर्थन के चलते ही कांग्रेस भाजपा को टक्कर देने की स्थिति में आ पाई और अपने प्रदर्शन में सुधार किया है।