Advertisement

झारखंडः कांग्रेस ने लोहरदगा सीट राजग से छीनी

झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखदेव भगत ने लोहरदगा सुरक्षित विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में आज राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के घटक दल ऑल झारखंड स्टुडेंट यूनियन (आजसु) की उम्मीदवार नीरू शांति भगत को 23,288 मतों से हराकर यह सीट राजग से छीन ली।
झारखंडः कांग्रेस ने लोहरदगा सीट राजग से छीनी

लोहरदगा सीट के लिए 14 दिसंबर को उपचुनाव हुआ था और मतगणना आज हुई जिसमें कांग्रेस के सुखदेव भगत को कुल 73,859 मत मिले जबकि उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा की सहयोगी आजसु की प्रत्याशी नीरू शांति भगत को 50,571 मत मिले। कांग्रेस ने यह सीट राजग से छीनी है। भगत की जीत से 81 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस विधायकों की संख्या सात हो गई है।

इस सीट पर बाबूलाल मरांडी की झाविमो के प्रत्याशी बंधू तिर्की को सिर्फ 16,951 मत हासिल हुए।     नवंबर, 2014 में हुए विधानसभा चुनावों में भगत बहुत कम मतों से इस सीट से चुनाव हार गए थे।

आजसु के विधायक कमल किशोर भगत को रांची के एक मनोचिकित्सक पर हमले के मामले में सात वर्ष की सजा सुनाए जाने के बाद यह सीट इस वर्ष जून में रिक्त हो गई थी जिसके चलते यहां उपचुनाव कराया गया। मुख्यमंत्री के प्रवक्ता ने बताया कि सुखदेव भगत को उपचुनाव में जीत पर मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बधाई दी है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad