Advertisement

यूपी उपचुनाव नतीजों पर बोले राहुल गांधी, लोग भाजपा से नाराज हैं

उत्तर प्रदेश और बिहार में हुए उपचुनाव के वोटों की गिनती चल रही है। नतीजों में यूपी की फूलपुर और गोरखपुर...
यूपी उपचुनाव नतीजों पर बोले राहुल गांधी, लोग भाजपा से नाराज हैं

उत्तर प्रदेश और बिहार में हुए उपचुनाव के वोटों की गिनती चल रही है। नतीजों में यूपी की फूलपुर और गोरखपुर सीटों पर सपा प्रत्याशी आगे चल रहे हैं। वहीं, बिहार में एक लोकसभा और दो विधानसभा सीटों के उपचुनाव के लिए भी वोटों की गिनती जारी है। यहां अररिया लोकसभा सीट में भाजपा आरजेडी से पीछे चल रही है।

यूपी की फूलपुर सीट पर सपा के नागेंद्र प्रताप सिंह पटेल आगे चल रहे हैं, वहीं गोरखपुर में सपा प्रत्याशी प्रवीण कुमार निषाद आगे हैं। चुनाव से पहले बसपा ने सपा को समर्थन दिया था। इसका भी एक बड़ा प्रभाव दिख रहा है। योगी के गढ़ गोरखपुर में भाजपा ने उपेंद्र शुक्ला को उतारा था। यूपी के सीएम की सीट पर ऐसा प्रदर्शन भाजपा के लिए बड़ा झटका है और जाहिर है विपक्षी खेमा इसे हाथों-हाथ लेगा।

किसने क्या कहा-

नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा, ‘उपचुनावों के नतीजों से साफ है कि वोटर भाजपा से नाराज हैं और वो उस गैर-भाजपा उम्मीदवार को ही वोट देंगे, जिसके जीतने की संभावना सबसे ज्यादा होगी। कांग्रेस की जहां तक बात है तो हम पार्टी को यूपी में फिर से खड़ा करने के लिए प्रतिबद्ध है।‘

सपा के आगे चलने पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अखिलेश यादव और मायावती को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह एक अंत की शुरुआत है।

वहीं, नतीजों पर सपा नेता रामगोपाल यादव ने कहा, ‘यूपी की जनता ने सरकार में अविश्वास व्यक्त कर दिया है स्पष्ट तौर पर। यूपी की जनता समझ चुकी है कि सारे देश की जनता को मूर्ख बना रहे हैं और स्वयं भगवान को धोखा दे रहे हैं।‘

इन रुझानों पर कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, ‘भाजपा के लोगों ने किसानों, युवाओं और महिलाओं के खिलाफ बोला। अब साफ हो गया है कि लोग भाजपा को बाहर का दरवाजा दिखा रहे हैं।‘

वहीं शिव सेना के संजय राउत ने हाल ही में सपा से भाजपा में शामिल हुए नरेश अग्रवाल के बहाने कहा, ‘मैं ये नहीं मानता कि सपा-बसपा गठबंधन ने काम किया, मैं मानता हूं कि प्रभु श्री राम की सबसे ज्यादा निंदा करने वाले सपा के नेता के लिए आपने जिस ‌दिन रेड कार्पेट डाला, उसी दिन प्रभु श्री राम भी आपके खिलाफ हो गए।‘

 यूपी में गोरखपुर और फूलपुर की वीआईपी सीटों पर भाजपा के पिछड़ने के बड़े सियासी मायने हैं, वो भी ऐसे समय में जब 2019 के लोकसभा चुनाव नजदीक हैं। ये दोनों सीट यूपी के दो बड़े चेहरे योगी आदित्यनाथ और केशव प्रसाद मौर्या की रही हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
  Close Ad