Advertisement

यूपी विधानसभा चुनाव नतीजे: बड़ी बढ़त की ओर भाजपा; दूसरे स्थान पर समाजवादी पार्टी

उत्तर प्रदेश में फिर से एक बार कमल खिलता दिखाई दे रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली...
यूपी विधानसभा चुनाव नतीजे: बड़ी बढ़त की ओर भाजपा; दूसरे स्थान पर समाजवादी पार्टी

उत्तर प्रदेश में फिर से एक बार कमल खिलता दिखाई दे रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार सत्ता में लगातार दूसरी बार काबिज होने की कोशिश कर रही है। उत्तर प्रदेश की कुल 403 सीटों में से 401 सीट के उपलब्ध रुझानों के मुताबिक, सत्तारूढ़ दल 243 से अधिक सीटों पर आगे हैं। इससे पहले 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 312 सीट जीती थीं। भाजपा इस बार अपने पिछले प्रदर्शन से भले ही पीछे है, मगर वह आधी से ज्यादा सीट आसानी से जीतती नजर आ रही है। पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय में पहली बार ऐसा होगा, जब कोई दल राज्य में लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए सरकार बनाएगा।

 

चुनाव नतीजे LIVE

 07.25 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा मुख्यालय पहुंचे। इस दौरान वहां मौज़ूद भारी मात्रा में भाजपा समर्थकों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी थे।

07.00 असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, "राजनीतिक दल नाकामी छुपाने के लिए EVM की चीख पुकार कर रहे हैं। मैं 2019 से कहता आ रहा हूं कि ईवीएम की गलती नहीं है, बल्कि लोगों के दिमाग में चिप डाल दी गई है। यह उसकी गलती है। कामयाबी हुई है लेकिन यह कामयाबी 80-20 की कामयाबी है।"

 

06.30 अमित शाह ने कहा, "उत्तरप्रदेश में भाजपा की भव्य जीत प्रदेश के गाँव, गरीब और किसानों की नरेंद्र मोदी जी के गरीब कल्याण में अडिग विश्वास की जीत है। जनता ने योगी आदित्यनाथ जी के भय और भ्रष्टाचार मुक्त सुशासन पर अपनी मुहर लगाई है।  यूपी की जनता का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।"

06: 07- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चार राज्यो में भाजपा की प्रचंड बहुमत की सरकार बनने जा रही है। इन चार राज्यों में प्रधानमंत्री के विकास और सुशासन को जनता ने फिर से आशीर्वाद दिया है। प्रधानमंत्री समेत अन्य नेताओं का मैं अभिनंदन करता हूं: उत्तर प्रदेश के CM योगी आदित्यनाथ


05: 55- उत्तर प्रदेश में भाजपा को जीत दिलाने के लिए मैं जनता के प्रति कृतज्ञता की भावना से विशेष आभार प्रकट करती हूं। यह कहा गया था कि प्रियंका गांधी जी उत्तर प्रदेश आएंगी और पार्टी में नई जान फूकेंगी वह पार्टी फूंक कर जा रही हैं। यह देश जान चुका है: केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, दिल्ली


05: 51- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ में पार्टी मुख्यालय पहुंचे। इस दौरान वहां मौज़ूद भारी मात्रा में भाजपा समर्थकों ने उनका स्वागत किया।

 

05: 30: उत्तर प्रदेश: आधिकारिक चुनाव आयोग के रुझान के अनुसार BJP ने 30 सीटें जीतीं और 220 सीटों से आगे चल रही है, समाजवादी पार्टी ने 3 सीटें जीतीं और 113 सीटों से आगे है, अपना दल ने 1 सीट जीता और 11 सीटों से आगे है, RLD 8 सीटों से आगे है,कांग्रेस ने 1 सीट जीता और 1 से आगे है।

05: 25: गोरखपुर शहरी सीट से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जीते।

04: 45- जो लोग तुष्टीकरण की राजनीति करते थे उन्हें मुंहतोड़ जवाब मिला है, मेरे विश्वास की प्रचंड जीत हुई है। जिस तरह से योगी जी ने इसे आत्मसात किया मुझे लगता है कि इससे अच्छी सरकार नहीं हो सकती। आज मैं सिर्फ एक ही नारा दूंगी हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सब के सब हैं भाजपाई: अपर्णा यादव,

04:25- उत्तर प्रदेश में हम कांग्रेस को पुनर्जीवित करने में तो सफल रहें लेकिन, हम उस जनमत को सीटों में नहीं बदल पाए। हम उत्तराखंड और गोवा में बेहतर चुनाव तो लड़े लेकिन, जनता का मन नहीं जीत पाए और विजय के आंकड़े तक नहीं पहुंच पाए: कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला

04: 00- उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश में अभी भी विधानसभा के चुनाव की मतगणना जारी है। ताजा रुझानों के अनुसार, भाजपा ने 5 सीटें जीती हैं और अब तक 245 सीटों पर आगे चल रही है। इस दौरान गोरखपुर में गोरखनाथ मंदिर के बाहर भाजपा सर्मथकों ने खुशियां मनाईं।


03: 45- लोग सोचते थे कि जात-पात और परिवारदवाद से जीत जाएंगे। उत्तर प्रदेश में योगी जी की सरकार ने ईमानदार शासन दिया और, गुंडागर्दी बंद हो गई। लोगों को ईमानदार विकल्प मिल गया है स्पष्ट है कि 2024 में क्या होगा। नरेंद्र मोदी जी और BJP के सामने और कोई है ही नहीं:केंद्रीय मंत्री आर. के. सिंह


03: 32- उत्तर प्रदेश की जनता ने तय किया है कि अब भेदभाव और समाज को बांटने वाली राजनीति के साथ हम नहीं जाना चाहते हैं। 40 साल बाद पहली बार उत्तर प्रदेश में एक ही सरकार को फिर से मौका मिला है, वो भी बहुत बड़े बहुमत से: केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, दिल्ली

03: 22- उत्तर प्रदेश: प्रदेश में BJP के आगे होने पर लखनऊ में BJP के कार्यकर्ता और समर्थक जश्न मना रहे हैं।

2: 48- स्वामी प्रसाद मौर्य फाजिलनगर विधानसभा (कुशीनगर) से चुनाव हारे

02: 28- मैं कैंट की जनता का धन्यवाद करता हूं क्योंकि उनकी वजह से हम कैंट में प्रचंड बहुमत से जीत रहें और मैं प्रदेश की जनता का आभार प्रकट करता हूं जिन्होंने जाति,धर्म और पार्टी लाइन को तोड़कर बीजेपी को अपनाया है ये मोदी जी की मेहनत का परिणाम है:लखनऊ में ब्रजेश पाठक,UP मंत्री और BJP नेता

02:00- लखनऊ कैंट सीट से बीजेपी प्रत्याशी और कैबिनेट मंत्री बृजेश पाठक जीत गए हैं।


01: 25- समाजवादी पार्टी ने दावा किया है, 'उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के रुझानों में 100 सीटों का अंतर 500 वोटों के करीब है। समाजवादी पार्टी गठबंधन के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं नेताओं से अपील है कि वो सतर्कता बनाए रखें।'

01: 20- यूपी: चुनाव अयोग के आधिकारिक रुझान के अनुसार भारतीय जनता पार्टी 259 सीटों से आगे चल रही है और समाजवादी पार्टी 112 सीटों से आगे है।

12: 27- उत्तर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार में योगी जी ने कानून व्यवस्था को सुधारा, माफिया राज को समाप्त किया, महिलाओं को सुरक्षा का माहौल दिया। इसका परिणाम है कि पूरे उ.प्र. में भाजपा प्रचंड बहुमत की तरफ बढ़ रही है: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता रमन सिंह

12: 17- उत्तर प्रदेश: विपक्ष के लिए कहना चाहूंगा, "ना साइकिल, ना हाथी, ना हाथ बा...उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ बा: गोरखपुर से भाजपा सांसद रवि किशन, गोरखपुर, उत्तर प्रदेश


12:03: उत्तर प्रदेश: बीजेपी के बेहतर प्रदर्शन को देखते हुए लखनऊ के पार्टी कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ता होली खेल रहे हैं और साथ ही यूपी में का बा? यूपी में बाबा के नारे लगाते हुए दिखे।

 

11: 07- गोरखपुर शहरी विधानसभा क्षेत्र में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगे चल रहे हैं।

11:06-शुरुआती रुझानों के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में बहुमत के आंकड़े को पार कर लिया है।

10:29- चुनाव आयोग के अनुसार उत्तर प्रदेश में भाजपा-201, समाजवादी पार्टी-89 सीट, अपना दल-8 और अन्य-23 सीटों पर आगे है।

10: 12 - चुनाव आयोग के अनुसार शुरुआती रुझानों में भाजपा-164, समाजवादी पार्टी-76 सीट, अपना दल-6 और अन्य-23 सीटों पर आगे है।

10:00- चुनाव आयोग के रुझानों के अनुसार जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी की टिकट पर शिवपाल सिंह यादव पीछे चल रहे हैं।

09:59- चुनाव आयोग के अनुसार शुरुआती रुझानों में भाजपा-119, समाजवादी पार्टी-55 सीट, राष्ट्रीय लोक दल-6 और अन्य-17 सीटों पर आगे है।


09: 48- उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में करहल विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव आगे चल रहे हैं। चुनाव आयोग के अनुसार बसपा और भाजपा उम्मीदवार क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं।

 

 09: 40-चुनाव आयोग के अनुसार शुरुआती रुझानों में यूपी में भाजपा-62, समाजवादी पार्टी-28 सीट, अपना दल-4 और अन्य-8 सीटों पर आगे है।

9:25 - चुनाव आयोग के अनुसार यूपी में शुरुआती रुझानों में भाजपा-16, अन्य-2 और समाजवादी पार्टी-8 सीट, अपना दल-2 पर आगे चल रही है।

9: 18- चुनाव आयोग के अनुसार शुरुआती रुझानों में भाजपा-4, राष्ट्रीय लोक दल-1 और समाजवादी पार्टी-3 सीट पर आगे चल रही है।

चुनाव नतीजों से यह तय हो जाएगा कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश में लगातार दूसरी बार अपनी सरकार बनाकर कीर्तिमान रचती है या समाजवादी पार्टी (सपा) पांच साल बाद फिर सत्ता में लौटती है, या फिर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अथवा अन्य कोई दल या गठबंधन सभी को चौंकाते हुए सत्ता शीर्ष पर पहुंचता है।

बता दें कि पिछले सोमवार को सातवें और अंतिम चरण के मतदान के बाद विभिन्न समाचार चैनलों द्वारा दिखाए गए एग्जिट पोल में उत्तर प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनने का दावा किया गया है। हालांकि उनमें सपा की सीटों की तादाद पहले से ज्यादा होने की संभावना भी जताई गई है। इसके अलावा बसपा के दहाई के अंक तक सिमट जाने और कांग्रेस को 10 से कम सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया है।

हालांकि सपा और बसपा ने एग्जिट पोल को पूरी तरह से खारिज करते हुए पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने का दावा किया।

योगी आदित्यनाथ यदि चुनाव के बाद दोबारा मुख्यमंत्री बनते हैं तो वह सामान्य निर्वाचन के बाद लगातार दूसरी बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने वाले पहले व्यक्ति होंगे।

भाजपा ने साल 2017 में प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाई थी। पिछले विधानसभा चुनाव में इस पार्टी को 403 में से 312 सीटों पर जीत हासिल की थी। वहीं, उसके सहयोगियों अपना दल (सोनेलाल) को नौ और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी को चार सीटें मिली थी।

भाजपा ने इस बार अपना दल (सोनेलाल) और निषाद पार्टी के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ा, जबकि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस बार राष्ट्रीय लोक दल तथा सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी समेत कई क्षेत्रीय दलों से गठबंधन किया है।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के साल 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिहाज से महत्वपूर्ण होने के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरे प्रदेश में जगह-जगह ताबड़तोड़ रैलियां कीं। वैसे तो उनके निशाने पर सभी विपक्षी दल रहे लेकिन उनका विशेष जोर सपा पर हमले बोलने पर ही रहा।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 131 चुनावी रैलियां और रोड शो किए। हालांकि बसपा अध्यक्ष मायावती देर से चुनाव मैदान में उतरीं, मगर उन्होंने प्रमुख स्थानों पर पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में रैलियां कीं।

उधर, कांग्रेस को उत्तर प्रदेश में पुनर्जीवित करने की जुगत में लगी पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने सबसे आगे आकर पार्टी के चुनाव प्रचार की कमान संभाली और अन्य पार्टियों के शीर्ष नेताओं के मुकाबले सबसे ज्यादा 209 रैलियां और रोड शो की हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने रायबरेली में वर्चुअल रैली को संबोधित किया, जबकि पार्टी पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अमेठी तथा वाराणसी में आयोजित दो रैलियों में शिरकत की।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad