Advertisement

अरविंद केजरीवाल महाराष्ट्र और झारखंड में मांगेंगे वोट, 'आप' नहीं इंडिया गठबंधन के लिए करेंगे प्रचार

आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल महाराष्ट्र और झारखंड में इंडिया ब्लॉक उम्मीदवारों के लिए...
अरविंद केजरीवाल महाराष्ट्र और झारखंड में मांगेंगे वोट, 'आप' नहीं इंडिया गठबंधन के लिए करेंगे प्रचार

आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल महाराष्ट्र और झारखंड में इंडिया ब्लॉक उम्मीदवारों के लिए प्रचार कर सकते हैं। केजरीवाल उन विधानसभा सीटों पर प्रचार कर सकते हैं, जहां आप का स्वयंसेवक आधार है और जहां एमवीए उम्मीदवारों की कोई विवादास्पद पृष्ठभूमि नहीं है।

समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से बताया, "शिवसेना-यूबीटी और एनसीपी-एसपी ने महाराष्ट्र में अरविंद केजरीवाल के प्रचार के लिए आम आदमी पार्टी से संपर्क किया है। केजरीवाल उन विधानसभा सीटों पर प्रचार कर सकते हैं, जहां आप का वॉलंटियर बेस है और जहां एमवीए उम्मीदवारों की कोई विवादित पृष्ठभूमि नहीं है। केजरीवाल के अलावा, आप के अन्य वरिष्ठ नेता भी एमवीए उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे।"

केजरीवाल के झारखंड में झामुमो उम्मीदवारों के लिए प्रचार करने की भी संभावना है। सूत्रों के अनुसार, "अरविंद केजरीवाल उन सीटों पर प्रचार करेंगे, जहां उनकी अपील इंडिया गठबंधन के लिए वोटों में तब्दील होगी, खासकर शहरी सीटों पर।"

केजरीवाल को इस वर्ष मार्च में दिल्ली आबकारी नीति मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने गिरफ्तार किया था। उच्चतम न्यायालय से जमानत मिलने के बाद वह पिछले महीने तिहाड़ जेल से बाहर आए हैं।

बाहर आने के बाद, एक आश्चर्यजनक कदम उठाते हुए, आप के राष्ट्रीय संयोजक ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की घोषणा की, और कहा कि वह तब तक पद ग्रहण नहीं करेंगे, जब तक जनता उन्हें अगले वर्ष विधानसभा चुनावों में आप को फिर से विजयी बनाकर "ईमानदारी का प्रमाण पत्र" नहीं दे देती।

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 20 नवंबर को होंगे, तथा सभी 288 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतगणना 23 नवंबर को होगी।

मुख्य चुनावी मुकाबला दो गठबंधनों के बीच होगा, महायुति जिसमें भाजपा, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार) और शिव सेना (एकनाथ शिंदे) शामिल हैं। दूसरा गठबंधन एमवीए है जिसमें कांग्रेस, शिव सेना (यूबीटी) और एनसीपी (शरद पवार) शामिल हैं।

झारखंड में विधानसभा चुनाव 13 नवंबर और 20 नवंबर को दो चरणों में होंगे और वोटों की गिनती 23 नवंबर को होगी।

झारखंड में आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन, जनता दल (यूनाइटेड) और लोक जनशक्ति पार्टी के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ेगी। वहीं, झारखंड मुक्ति मोर्चा, राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad