Advertisement

भाजपा सांसद सावित्री बाई फुले का बयान- जिन्ना महापुरुष, आजादी की लड़ाई में था योगदान

जिन्ना विवाद पर बयानबाजी रुकने का नाम नहीं ले रही है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद सावित्री बाई...
भाजपा सांसद सावित्री बाई फुले का बयान- जिन्ना महापुरुष, आजादी की लड़ाई में था योगदान

जिन्ना विवाद पर बयानबाजी रुकने का नाम नहीं ले रही है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद सावित्री बाई फुले ने गुरुवार को कहा कि पाकिस्तान के संस्थापक मुहम्मद अली जिन्ना एक 'महापुरुष' थे, जिन्होंने देश की आजादी में योगदान दिया था।

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, उन्होंने कहा, "जिन्ना एक 'महापुरुष' थे और हमेशा रहेंगे। उन्होंने देश की आजादी में योगदान दिया था।"

हाल ही में अलीगढ़ में कुछ समूहों ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) छात्र संघ के कार्यालय में मौजूद पाकिस्तान के संस्थापक जिन्ना के चित्र का विरोध करते हुए उसे हटाने की मांग की।

अलीगढ़ के भाजपा सांसद सतीश गौतम के छात्र संघ कार्यालय में चित्र की मौजूदगी पर सवाल उठाए जाने के बाद से इस पर जमकर राजनीति हो रही है।

सावित्री बाई फुले भाजपा की पहली नेता नेता नहीं हैं जो पार्टी लाइन से अलग जाकर बयान दे रही हैं। इससे पहले तस्वीर हटाने को लेकर छिड़े विवाद पर भाजपा नेता शत्रुघ्न सिन्हा ने बुधवार को ऐसी मांग के औचित्य पर सवाल उठाया।

भाजपा सांसद ने एएमयू का नाम लिए बिना कहा कि अचानक से विश्वविद्यालयों का नाम बदलने और कुछ लोगों की तस्वीरों को हटाने की मांग होने लगी। उन्हें क्यों हटाया जाए? इतने सालों में वे वहीं थे और सबकुछ ठीक चल रहा था।

सिन्हा पणजी में ‘भारतीय अर्थव्यवस्था और लोकतंत्र के समक्ष चुनौतियां’ विषय पर व्याख्यान देने के लिए आए थे। इस कार्यक्रम का आयोजन स्थानीय समूह सिटिजन्स फॉर डिमॉक्रेसी ने किया था।

गौरतलब है कि अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) में पाकिस्तान के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना की तस्वीर लगाए जाने को लेकर विवाद उठा था। विवाद के बाद यूनिवर्सिटी में काफी बवाल मचा। विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के नेताओं के बीच भी बहस शुरू हो गई थी। इस पूरे मामले में अबतक दो छात्रों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, विश्वविद्यालय के कुलपति ने बुधवार को केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad