Advertisement

टी राजा सिंह को बीजेपी ने पार्टी से किया निलंबित, पैगंबर मोहम्मद पर की थी विवादित टिप्पणी

तेलंगाना के भाजपा विधायक टी राजा सिंह को लेकर भाजपा ने बड़ा एकेशन लिया है। भाजपा ने टी राजा सिंह को...
टी राजा सिंह को बीजेपी ने पार्टी से किया निलंबित, पैगंबर मोहम्मद पर की थी विवादित टिप्पणी

तेलंगाना के भाजपा विधायक टी राजा सिंह को लेकर भाजपा ने बड़ा एकेशन लिया है। भाजपा ने टी राजा सिंह को पार्टी से निलंबित कर दिया है। उन्होंने पैगंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी की थी। भाजपा ने पार्टी से निलंबित करने के साथ ही टी राजा को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया है और 10 दिन में जवाब मांगा है। इससे पहले पैगंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी करने के आरोप में पुलिस ने राजा को हैदराबाद में गिरफ्तार कर लिया था।

बीजेपी विधायक ने स्टैंड-अप कॉमेडियन मुनव्वर फारुकी की आलोचना करते हुए सोमवार को एक वीडियो जारी किया था। इस वीडियो में वह कथित तौर पर एक धर्म विशेष के खिलाफ विवादित टिप्पणी करते नजर आ रहे हैं। फारुकी ने हाल ही में शहर में एक कार्यक्रम में प्रस्तुति दी थी।

बता दें कि आज सुबह ही टी राजा सिंह को हैदराबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया है। राजा सिंह ने कथित तौर पर एक वीडियो जारी कर पैगंबर मोहम्मद के बारे में टिप्पणी की थी। राजा सिंह का वीडियो सामने आने के बाद हैदराबाद में जगह-जगह लोग प्रदर्शन कर रहे थे। इसके बाद उनके खिलाफ हैदराबाद पुलिस ने कई धाराओं में केस दर्ज किया था। हैदराबाद पुलिस के डीसीपी पी. साई चैतन्य ने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों ने सोमवार रात साउथ जोन डीसीपी कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया था। लोगों का कहना था कि बीजेपी विधायक ने उनकी धार्मिक भावनाओं को आहत किया।

 

गौरतलब है कि टी. राजा से पहले नुपुर शर्मा ने भी एक टीवी चैनल पर पैगम्बर मोहम्मद को लेकर टिप्पणी की थी। इसके बाद देशभर में उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन हुए थे। देश के अलग-अलग हिस्सों में उनके खिलाफ केस दर्ज किए गए थे। पैगम्बर पर टिप्पणी को लेकर बढ़ते विवाद के बाद बीजेपी ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया था।

 

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad