Advertisement

युवा कांग्रेस अध्यक्ष केशव चंद यादव के नेतृत्व में मोदी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

भारतीय युवा कांग्रेस ने अध्यक्ष केशव चंद यादव के नेतृत्व में मोदी सरकार की नीतियों के खिलाफ बुधवार को...
युवा कांग्रेस अध्यक्ष केशव चंद यादव के नेतृत्व में मोदी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

भारतीय युवा कांग्रेस ने अध्यक्ष केशव चंद यादव के नेतृत्व में मोदी सरकार की नीतियों के खिलाफ बुधवार को दिल्ली में भारत बचाओ जन आंदोलन की शुरुआत की। हजारों युवाओं ने मोदी सरकार को जनविरोधी करार देते हुए प्रदर्शन किया। यह आंदोलन अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव तक चलेगा। इस मौके पर यादव ने कहा कि यह जन आंदोलन देश मे बढ़ती अव्यवस्था और मोदी सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ है।

रायसीना रोड से संसद की तरफ निकाले गए मार्च को पुलिस ने प्रेस क्लब के निकट रोक लिया और कई नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। बाद में इन लोगों को छोड़ दिया गया। युवा कांग्रेस के प्रवक्ता अमरीश रंजन पांडेय ने बताया कि मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं को तितर-वितर करने के लिए पुलिस ने पानी की बौछार भी की। बाद में यूथ कांग्रेस ने ट्वीट किया कि युवा कांग्रेस चुप नही बैठेगी। आप अपनी लाठियां, पानी की बौछारें, गोलियां सब तैयार रखिए। ये देश बचाने को जवानों का टोला है।

अध्यक्ष केशव चंद यादव और उपाध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने पदभार संभाला

प्रदर्शन से पहले युवा कांग्रेस के अध्यक्ष केशव चंद यादव और उपाध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने औपचारिक रूप से पदभार संभाला। कुछ दिनों पहले ही कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने इन दोनों की नियुक्ति की थी। 
इस मौके पर यादव ने कहा कि  मोदी जी ने कहा था कि सत्ता में आने के बाद काला धन लाएंगे, लोकपाल लाएंगे। हालात ये हैं कि काला धन आना तो दूर, सरकार की सरपरस्ती में देश का 61,036 करोड़ रुपये का बैंकों का सफेद धन नीरव मोदी और मेहुल चोकसी जैसे काले चोर लूट कर भाग गए।
यादव ने आरोप लगाया कि बीते चार सालों में शिक्षा नीति का निर्धारण भी नहीं किया। और तो और शिक्षा के नाम पर सीबीएसई के पेपर लीक और एसएससी नौकरी भर्ती परीक्षा में 40 से 80 लाख़ रुपये ले कर करोड़ों युवाओं का भविष्य बेच दिया गया। 
उपाध्यक्ष श्रीनिवास ने कहा कि इस सरकार में महंगाई अपने चरम पर है। पेट्रोल-डीजल के दाम आसमान छू रहे हैं। दलितों, अल्पसंख्यकों और महिलाओं के खिलाफ हिंसा के मामलों में बेतहाशा बढ़ोतरी हुई है। किसान परेशान हैं कि उनकी फसलों की वाजिब कीमत नहीं मिल रही है। युवा नौकरी न मिलने के कारण परेशान हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad