Advertisement

राजनाथ सिंह से राहुल गांधी का सवाल- क्या लद्दाख में चीन ने भारतीय क्षेत्र पर कब्जा कर लिया?

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के एक ट्वीट का शायराना अंदाज में जवाब...
राजनाथ सिंह से राहुल गांधी का सवाल- क्या लद्दाख में चीन ने भारतीय क्षेत्र पर कब्जा कर लिया?

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के एक ट्वीट का शायराना अंदाज में जवाब दिया था। इस पर अब एक बार फिर राहुल गांधी ने पलटवार करते हुए सवाल किया है। राहुल गांधी ने भारत-चीन सीमा विवाद को लेकर सवाल किया है। उन्होंने रक्षा मंत्री पर तंज कसते हुए ट्वीट में लिखा कि एक बार रक्षा मंत्री का हाथ के निशान पर टिप्पणी करना हो जाए, तो क्या वह जवाब दे सकते हैं कि क्या लद्दाख में चीन ने भारतीय क्षेत्र पर कब्जा कर लिया?

बता दें कि भारत और चीन सीमा विवाद को सैन्य और राजनयिक स्तर पर बातचीत के जरिए सुलझाने पर सहमत हुए हैं। इस बीच पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अमित शाह के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि सब को मालूम है 'सीमा' की हकीकत लेकिन, दिल को खुश रखने को, 'शाह-यद' ये ख्याल अच्छा है।

दरअसल, गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा था कि भारत की रक्षा नीति की वैश्विक स्तर पर स्वीकार्यता बढ़ी है। पूरी दुनिया यह मानती है कि अमेरिका और इजराइल के बाद अगर कोई देश है जो अपनी सीमाओं की रक्षा करने में समर्थ है तो वो भारत है। राहुल गांधी ने गृह मंत्री के इसी बयान को लेकर ट्वीट किया था।

राहुल के तंज के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रतिक्रिया दी। राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर कहा, 'मिर्जा गालिब का ही शेर थोड़ा अलग अन्दाज में है।' 'हाथ' में दर्द हो तो दवा कीजै, 'हाथ' ही जब दर्द हो तो क्या कीजै। इसके अलावा राजनाथ सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महाराष्ट्र की जनता को संबोधित करते हुए कहा, 'मैं राहुल गांधी जी को कहना चाहूंगा कि हाथ में दर्द हो तो दवा कीजिए, यदि हाथ ही दर्द हो तो क्या कीजिये! उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कई नेता सवाल पूछ रहे हैं कि भारत चीन सीमा पर क्या हो रहा है? मैं देश की जनता को आश्वस्त करना चाहूंगा कि संसद में इस बारे में विस्तार से जानकारी दूंगा।

 

राहुल गांधी भारत और चीन के बीच सीमा पर गतिरोध को लेकर पिछले कुछ हफ्ते में सरकार से सवाल कर चुके हैं। पिछले दिनों उन्होंने सवाल किया था कि क्या सरकार इस बात की पुष्टि कर सकती है कि चीन का कोई भी सैनिक भारतीय सीमा में दाखिल नहीं हुआ है।

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad