कर्नाटक में एचडी कुमारस्वामी सरकार के मंत्रियों के विभागों को लेकर कांग्रेस की बढ़ती नाराजगी अब खुलकर सामने आने लगी है। पार्टी के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी माना है कि विभागों के बंटवारे में कांग्रेस के मंत्रियों को उचित विभाग नहीं दिए गए हैं।
समाचार एजेंसी एएनआइ के अनुसार, खड़गे ने कहा कि हमारे साथ अन्याय हुआ है पर इसे ठीक कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि गृह मंत्रालय नहीं दिए जाने से नाराजगी की शिकायत करने वाले लोगों ने भी कहा कि वे पार्टी के प्रति वफादार रहेंगे। उनका पार्टी छोड़ने का कोई इरादा नहीं है।
लोकसभा में कांग्रेस के नेता खड़गे ने कहा कि संविधान और प्रजातंत्र को बचाने के लिए हमें कभी-कभी समझौते करने पड़ते हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि कुछ सदस्य अंसंतुष्ट हैं। इन लोगों से पार्टी आलाकमान और उसके प्रतिनिधि अवश्य बात करेंगे। खड़गे ने कहा कि वैसे इन लोगों को भी फैसले के पीछे के कारणों की जानकारी है।
मुख्यमंत्री कुमारस्वामी ने शनिवार को मंत्रियों के विभागों का बंटवारा किया। गठबंधन में अहम भूमिका निभाने वाले कांग्रेसी नेता डीके शिवकुमार को सिंचाई विभाग और परिवार एवं कल्याण विभाग दिया गया है। कैबिनेट का विस्तार छह जून को हुआ था। कर्नाटक की कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन सरकार के मंत्रिमंडल में 14 मंत्री कांग्रेस के, नौ मंत्री जेडीएस और एक-एक मंत्री बसपा और केपीजेपी के हैं।