Advertisement

अमेरिका से डरते हैं मोदीः राहुल

अमेरिका में भारतीयों पर हमले के मुद्दे पर नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने आज कहा कि 56 इंच का सीना होने की बात करने वाले हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री इस मुद्दे को अमेरिका के समक्ष उठाने से डरते हैं।
अमेरिका से डरते हैं मोदीः राहुल

राहुल गांधी ने मोदी और अरविंद केजरीवाल पर झूठे वादों की राजनीति करने का आरोप लगाया और दिल्ली में आने वाले एमसीडी चुनाव में कांग्रेस को जिताने की अपील की। अमेरिका में भारतीयों पर हमले का जिक्र करते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि मोदीजी 56 इंच का सीना होने की बात करते हैं। आज हमारे लोग, हमारे लड़के अमेरिका में मारे जा रहे हैं लेकिन मोदीजी के मुंह से इस विषय पर एक शब्द भी नहीं निकल रहा है।

राहुल ने कहा कि वे झूठ की राजनीति करते हैं। ओबामा से गले तो मिलते हैं लेकिन जब हमारे लोग अमेरिका में मारे जा रहे हैं तो एक शब्द भी नहीं बोल रहे हैं। अमेरिका में भारतीयों पर हमले के मुद्दे को लेकर मोदी पर तीखा प्रहार करते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि डरते हैं हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री। भाजपा और आप पर व्यक्ति केंद्रित राजनीति करने का आरोप लगाते हुए राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा और भाजपा एवं केजरीवाल के आप की विचारधारा में काफी फर्क है। कांग्रेस की सरकार एक व्यक्ति की सरकार नहीं होती बल्कि हमारी सरकार में हर व्यक्ति, हर वर्ग की आवाज होती है।

उन्होंने कहा कि मोदी और केजरीवाल ने केवल झूठे वादे किए और उन वादों को पूरा करने के लिए कुछ भी नहीं किया।

दिल्ली नगर निगम में आसन्न चुनाव में कांग्रेस को जिताने की अपील करते हुए राहुल ने कहा कि हमारे पास दिल्ली के विकास, आम लोगों की खुशहाली के लिए काम करने का जज्बा और उसे सही अर्थों में अमलीजामा पहनाने के लिए जरूरी अनुभव है। हम सचाई की राजनीति करते हैं।

नरेंद्र मोदी पर प्रहार जारी रखते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि एक व्यक्ति कहता है कि गंगा सिर्फ उसकी मां है, उत्तरप्रदेश के लोगों की भलाई सिर्फ वही कर सकता है। लोकसभा चुनाव में मोदीजी ने पूरे हिंदुस्तान के विकास की बात कही थी। हर हिंदुस्तानी के खाते में 15 लाख रुपये आने की बात कही थी। देश के युवाओं के लिए 2 करोड़ रोजगार के अवसर देने की बात कही थी। लेकिन कोई वादा पूरा नहीं हुआ।

राहुल गांधी ने कहा कि मोदीजी ने बनारस में लोगों से कहा कि वे गंगा को स्वच्छ बनाएंगे, बनारस को साफ करेंगे, भोजपुरी फिल्म सिटी बनाएंगे लेकिन कुछ भी नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि उत्तरप्रदेश में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं लेकिन पहली बार हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री को रोडशो का तीन बार रिटेक करना पड़ा। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने दावा किया कि बनारस के लोग उन्हें हराने जा रहे हैं और यह सच्चाई है।

उन्होंने कहा कि मोदीजी ने हिंदुस्तान के लोगों को रोजगार देने की बात कही थी, मेक इन इंडिया, स्टार्टअप और देश के बदलने की बात कही थी। मैंने इस विषय पर संसद में भी सवाल उठाया कि मेक इन इंडिया के बब्बर शेर ने कितने रोजगार दिए तब मोदीजी के एक मंत्री ने बताया था कि पिछले साल सिर्फ एक लाख रोजगार दिए गए थे।

प्रधानमंत्री मोदी और अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा कि एक व्यक्ति किसी देश या प्रदेश को कभी नहीं बदल सकता। लेकिन मोदीजी और केजरीवाल दावा करते हैं कि वे देश और प्रदेश को बदल देंगे लेकिन हकीकत यह है कि ऐसा कुछ होता नहीं दिख रहा। (एजेंसी)

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad