Advertisement

सिमी मुठभेड़ मामला: न्यायिक जांच की विपक्ष की मांग भाजपा ने की खारिज

भाजपा ने सिमी के आठ सदस्यों के कथित मुठभेड़ में मारे जाने की न्यायिक जांच की कुछ विपक्षी दलों की मांग को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि वोटबैंक की राजनीति के तहत आतंकवादियों के मारे जाने की घटना की जांच की मांग का चलन खत्म होना चाहिए।
सिमी मुठभेड़ मामला: न्यायिक जांच की विपक्ष की मांग भाजपा ने की खारिज

भाजपा ने सशस्त्र बलों के मनोबल को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा और कहा कि उनकी शह पर ही पार्टी के वरिष्ठ नेता सिमी मुठभेड़ पर सवाल उठा रहे हैं। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव श्रीकांत शर्मा ने बार-बार कांग्रेस का उल्लेख इटली कांग्रेस के रूप में किया जो कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के इटली मूल के होने का परोक्ष संदर्भ है। शर्मा ने दावा किया कि सिमी आतंकवादियों के मारे जाने पर विपक्षी पार्टी शोक मना रही है जबकि भाजपा इन्हें मारने वाले बहादुर पुलिसकर्मियों को बधाई दे रही है। उन्होंने कहा, आतंकवादियों के लिए कांग्रेस इतनी सहानुभूति क्यों दिखाती है चाहे वह सिमी के हों या एलईटी के। ऐसा पहली बार नहीं है जब वे ऐसा कर रहे हों। इन्होंने बटला हाउस मुठभेड़ पर भी सवाल उठाया था। उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टी मुस्लिम मतदाताओं पर ध्यान देते हुए ऐसा कर रही है। उन्होंने कहा कि वे इस समुदाय को वोट बैंक फैक्ट्री मानते हैं और इन कथित आतंकवादियों के प्रति अपने रूख से उनका अपमान कर रही है।

भाजपा सचिव ने शर्मा ने कहा कि कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने 2008 के मुंबई आतंकी हमले में आरएसएस के शामिल होने की बात कही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस बार-बार आतंकवादियों का बचाव कर रही है। उन्होंने पूछा, राहुल गांधी आप घृणा और वोट बैंक की राजनीति क्यों करते हैं। सिपाहियों के साथ आपकी क्या दुश्मनी है। हम आपको विकास की राजनीति पर मुकाबला करने की चुनौती देते हैं। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस मुठभेड़ पर राजनीति कर रही है लेकिन उसके पास हेड कांस्टेबल रमाशंकर यादव के बारे में एक शब्द कहने के लिए नहीं है जिन्हें सिमी आतंकवादियों ने जेल से भागने के दौरान मार दिया था। भाजपा प्रवक्ता जी वी एल नरसिंह राव ने भी इसे वोट बैंक की राजनीति करार देते हुए कहा कि पुलिस एवं सुरक्षा बलों ने तत्परता से काम किया है और ऐसे विषयों का मानवाधिकार के नाम पर राजनीतिकरण नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, वामदल, आप, एआईएमआईएम जैसे कुछ दल इस तरह के बयान देकर सुरक्षा बलों के मनोबल को प्रभावित कर रहे हैं जबकि हमारे सुरक्षा बल लोगों को सुरक्षित रखने के लिए आतंकवादियों से लोहा ले रहे हैं।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad