Advertisement

राहुल का मोदी पर वार, 'अच्‍छे दिन की बात पर हंसते हैं लोग'

बिहार चुनाव में कामयाबी हासिल करने के बाद कांग्रेस उपाध्‍यक्ष राहुल गांधी अब पश्चिमी यूपी की पदयात्रा पर निकल चुके हैं। आज सहारनपुर से पदयात्रा की शुरुआत करते ही उन्‍होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। रहुल गांधी ने किसानों से कहा, प्रधानमंत्री विदेश घूम रहे हैं, मैं आपसे मिलने खेत पहुंच रहा हूं।
राहुल का मोदी पर वार, 'अच्‍छे दिन की बात पर हंसते हैं लोग'

पदयात्रा के दौरान राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सूट-बूट पर हमला करने से नहीं चूके। उन्‍होंने कहा कि  हम लोग सूट बूट का हॆिंदुस्तान नहीं चाहते। भाजपा के अच्‍छे दिन लाने के नारे पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा कि अच्छे दिन की बात पर अब लोग हंसते हैं। मोदीजी कहां आए अच्छे दिन? किसानों के बीच पहुंचे कांग्रेस उपाध्यक्ष ने प्रधानमंत्री की विदेश यात्राओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री विदेश जाते हैं और मैं किसानों के बीच में हूं। पदयात्रा में शामिल किसानों को संबोधित करते उन्‍होंने दावा किया कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से किसानों के साथ खड़ी थी और हमेशा खड़ी रहेगी। हमने मनरेगा जैसा दुनिया का सबसे बड़ा रोजगार कार्यक्रम दिया है।  

 

कांग्रेस उपाध्‍यक्ष आज सहारनपुर के पिलखनी से पटनी तक 7 किलोमीटर की पदयात्रा पर हैं। इस दौरान वह चौपाल लगाकर किसानों से संपर्क साध रहे हैं। उनके साथ रणदीप सिंह सुरजेवाल, राजीव शुक्‍ला, निर्मल खत्री, इमरान मसूद और पकंज मलिक आदि नेता मौजूद हैं। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में गन्ना किसानों की बहुत बुरी स्थिति है। एक ओर गन्ना किसानों के बकाये का भुगतान एक बड़ा मुद्दा है तो दूसरी ओर कई चीनी मिलों के बंद हो जाने के कारण गन्ना किसानों के सामने बड़ी समस्या खड़ी हो रही है। किसानों का मुद्दा उठाकर राहुल गांधी पश्चिमी यूपी में कांग्रेस काे फिर से जिंदा करने की कवायद में जुटे हैं। मसूद का मानना है कि पश्चिमी यूपी की जनता बड़े बदलाव का इंतजार कर रही है। जिस तरह मायावती सरकार के जाने में भट्टा पारसौल आंदोलन की अहम भूमिका थी उसी तरह सपा सरकार गन्‍ना आंदोलन की वजह से जाएगी।  गौरतलब है कि सहारनपुर में कांग्रेस के नेता इमरान मसूद अपने विवादित भाषण के लिए सुर्खियों में रहे थे।

 

पदयात्रा के दौरान अपने भाषणों में राहुल गांधी उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव पर भी खूब हमले बोल रहे हैंं। उन्होंने अखिलेश यादव को किसानों के बीच आने को कहा। 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
  Close Ad