राजधानी दिल्ली में 27 साल बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सरकार बनाई और अब सीएम के चेहरे से भी सस्पेंस खत्म हो चुका है। आज मुख्यमंत्री के रूप में रेखा गुप्ता शपथ लेंगी। उनके साथ उनकी टीम के नेता बतौर मंत्री शपथ लेंगे।
दरअसल, अब यह स्पष्ट हो गया है कि परवेश साहिब सिंह, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह भी आज मंत्री पद की शपथ लेंगे।
Delhi swearing-in ceremony | Parvesh Sahib Singh, Ashish Sood, Manjinder Singh Sirsa, Ravinder Indraj Singh, Kapil Mishra and Pankaj Kumar Singh to take oath as Ministers today. pic.twitter.com/1Gbvkq9xK7
— ANI (@ANI) February 20, 2025
भाजपा को लंबे अंतराल के बाद मिली इस सफलता के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है। शपथ ग्रहण समारोह में वरिष्ठ नेताओं और समर्थकों की भारी उपस्थिति रहेगी। नई सरकार के सामने दिल्ली में विकास कार्यों को गति देने और प्रशासनिक सुधार की बड़ी चुनौतियां होंगी।
गौरतलब है कि बुधवार शाम को भाजपा विधायक दल की बैठक में पहली बार विधायक बनी रेखा गुप्ता को दिल्ली विधानसभा में सदन का नेता चुना गया। इसके बाद उन्होंने सक्सेना से मुलाकात की और राष्ट्रीय राजधानी में सरकार बनाने का दावा पेश किया।
पार्टी 26 वर्षों के बाद दिल्ली की सत्ता में लौटी है और उसने अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आप के 10 साल के शासन को समाप्त कर दिया है।
दिल्ली के उपराज्यपाल के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर कहा गया, "दिल्ली विधानसभा में भाजपा विधायक दल की नेता रेखा गुप्ता ने राज निवास में उपराज्यपाल वी के सक्सेना से मुलाकात की और दिल्ली की नई सरकार बनाने का दावा पेश किया।"
इसमें कहा गया है, "उपराज्यपाल ने दावे को स्वीकार कर लिया और उन्हें नई सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया।"
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) की पूर्व अध्यक्ष और नगर निगम पार्षद गुप्ता, सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी के बाद दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री बनने वाली हैं।
गुप्ता के नेतृत्व में नई भाजपा सरकार गुरुवार दोपहर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में रामलीला मैदान में एक भव्य समारोह में शपथ लेगी। मदन लाल खुराना, साहिब सिंह वर्मा और सुषमा स्वराज के बाद वह दिल्ली में भाजपा की चौथी मुख्यमंत्री होंगी। उल्लेखनीय है कि गुप्ता किसी भी भाजपा शासित राज्य में एकमात्र महिला मुख्यमंत्री होंगी।