Advertisement

राज्यसभा की 57 सीटों के लिए 11 जून को होंगे चुनाव

राज्यसभा की खाली हो रही 57 सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव 11 जून को कराए जाएंगे। इसमें शराब व्यवसायी विजय माल्या द्वारा खाली की गई एक सीट भी शामिल है। चुनाव आयोग ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
राज्यसभा की 57 सीटों के लिए  11 जून को होंगे चुनाव

पंद्रह राज्यों से चुने गए 55 राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल जून और अगस्त के बीच पूरा हो रहा है। राजस्थान और कर्नाटक से एक-एक सीट क्रमश: कांग्रेस के आनंद शर्मा और निर्दलीय विजय माल्या द्वारा खाली की गई है और इनके लिए भी चुनाव कराए जाएंगे। इन कुल 57 सीटों में से 14-14 सीटें भाजपा और कांग्रेस से जुड़ी हैं, जबकि छह सदस्य बसपा, पांच जदयू और तीन-तीन सपा, बीजद और अन्नाद्रमुक से हैं। दो-दो सदस्य द्रमुक, राकांपा और तेदेपा से हैं, जबकि एक सदस्य शिवसेना का है। माल्या एक निर्दलीय सदस्य थे जिन्होंने 5 मई को सदन से इस्तीफा दे दिया था।

 

जिन सदस्यों का कार्यकाल पूरा हो रहा है, उनमें केंद्रीय मंत्री एम. वेंकैया नायडू, बिरेंद्र सिंह, सुरेश प्रभु, निर्मला सीतारमण, पीयूष गोयल, मुख्तार अब्बास नकवी, पूर्व मंत्री जयराम रमेश, जदयू नेता शरद यादव और वरिष्ठ अधिवक्ता राम जेठमलानी शामिल हैं। सेवानिवृत्त हो रहे सबसे अधिक 11 सदस्य उत्तर प्रदेश से हैं, वहीं छह-छह सदस्य तमिलनाडु व महाराष्ट्र से हैं। बिहार से पांच सीटों पर चुनाव कराए जाएंगे, जबकि आंध्र प्रदेश और कर्नाटक से चार-चार सीटों पर चुनाव होंगे। वहीं मध्य प्रदेश और ओडि़शा से तीन-तीन सीटों, हरियाणा, झारखंड, पंजाब, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना से दो-दो सीटों और उत्तराखंड से एक सीट पर चुनाव होने हैं। इन चुनावों के लिए अधिसूचना 24 मई को जारी की जाएगी।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad