Advertisement

पंजाब: अमरिंदर ने शेयर कीं सुषमा, सोनिया से लेकर मुलायम तक की तस्वीरें, पूछा- क्या इन सबके आईएसआई से संबंध हैं?

पाकिस्तानी पत्रकार आरूसा आलम के साथ मित्रता को लेकर पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह...
पंजाब: अमरिंदर ने शेयर कीं सुषमा, सोनिया से लेकर मुलायम तक की तस्वीरें, पूछा- क्या इन सबके आईएसआई से संबंध हैं?

पाकिस्तानी पत्रकार आरूसा आलम के साथ मित्रता को लेकर पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह लगातार अपने विरोधियों के निशाने पर हैं। पाकिस्तानी पत्रकार आरूसा के कथित आईएसआई लिंक को लेकर आलोचनाओं का सामना कर रहे कैप्टन अमरिंदर ने पलटवार किया है और कई दिग्गज नेताओं की तस्वीरें शेयर कर सवाल दागे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री सिंह ने सोमवार को अपने फेसबुक पेज पर कुछ तस्वीरें जारी कीं, इनमें आरूसा देश के शीर्ष राजनेताओं और फिल्मी हस्तियों के साथ दिखाई दे रही हैं।

अमरिंदर ने प्रश्न उठाया है कि क्या तस्वीर में दिख रहे हर व्यक्ति के पाक खुफिया एजेंसी आईएसआई से संबंध हैं? उन्होंने दावा किया कि यदि भारत और पाकिस्तान के बीच वीजा पाबंदियां नहीं होतीं तो वह आरूसा को एक बार फिर भारत बुलाते। बता दें कि पंजाब कांग्रेस आरूसा से दोस्ती को लेकर अमरिंदर पर हमलावर है। पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर रंधावा ने बीते सप्ताह कहा था कि राज्य सरकार आईएसआई से आरूसा के रिश्तों की पड़ताल करेगी।

कैप्टन अमरिंदर ने अपने फेसबुक पेज पर आरूसा आलम की 14 तस्वीरें शेयर कीं। इसमें उन्हें सोनिया गांधी, सुषमा स्वराज, मुलायम सिंह यादव, अमर सिंह, अश्विनी कुमार, यशवंत सिन्हा, शत्रुघ्न सिन्हा, महेश भट्ट, श्याम सरन और पूर्व सेना अधिकारी जगजीत सिंह अरोड़ा समेत कई हस्तियों के साथ देखा जा सकता है।

कैप्टन ने फेसबुक पोस्ट में लिखा, मैं विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों के संग आरूसा आलम की कई फोटो साझा कर रहा हूं। मुझे लगता है कि वह सारे भी आईएसआई के कॉटैक्ट्स हैं। ऐसा कहने वालों को यह बोलने से पहले सोचना चाहिए। उन्होंने आगे लिखा कि दुर्भाग्य से भारत और पाकिस्तान के बीच इस समय वीजा पर पाबंदी लगा दी गई है। नहीं तो मैं उन्हें फिर से न्योता देता। इत्तेफाक से मैं मार्च में 80 होने जा रहा हूं और अगले साल आरूसी आलम 69 होने जा रही हैं।'


इससे पहले पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सोनिया गांधी की भी तस्वीर साझा की थी। कैप्टन के मीडिया सलाहकार ने अरूसा आलम के साथ सोनिया गांधी की एक तस्वीर साझा की थी। इसमें कैप्शन के साथ पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा, मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और कांग्रेस पार्टी को टैग किया है। साथ ही लिखा है, "बस ऐसे ही"।


गौरतलब है कि पिछले दिन सुखजिंदर सिंह रंधावा कैप्टन अमरिंदर पर काफी हमलावर नजर आए थे। उन्होंने कैप्टन अमरिंदर सिंह और अरूसा आलम की दोस्ती को आईएसआई का लिंक तक बता दिया। उन्होंने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह जब पंजाब के मुख्यमंत्री थे, तो तब उनको कभी पंजाब में कोई खतरा नहीं दिखा। अब उन्हें ऐसा क्यों लग रहा है? कहीं इसके पीछे उनकी दोस्त अरूसा आलम तो नहीं?

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad