झारखंड में जेएमएम-कांग्रेस-राजद गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने मंगलवार देर रात राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया। वह 29 दिसंबर को मोरहाबादी मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। राज्यपाल से मुलाकात के दौरान गठबंधन दलों (कांग्रेस-आरजेडी) के वरिष्ठ नेता और विधायक मौजूद रहे। वहीं, राज्य के पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी ने भी महागठबंधन को समर्थन देने की घोषणा की है।
हेमंत सोरेन ने कहा कि हमने 50 विधायकों के समर्थन के साथ झारखंड में सरकार बनाने का दावा किया है और राज्यपाल से राज्य में सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करने का अनुरोध किया है। इससे पहले गठबंधन दलों के विधायकों की बैठक जेएमएम प्रमुख और हेमंत सोरेन के पिता शिबू सोरेन के आवास पर हुई। इस बैठक में हेमंत सोरेन को औपचारिक तौर पर गठबंधन का नेता चुना गया।
मरांडी से की बंद कमरे में बात
वहीं, झारखंड विकास मोर्चा के प्रमुख बाबूलाल मरांडी को सोरेन ने मंगलवार शाम को अपने आवास पर बुलाया। दोनों नेताओं ने दस मिनट के लिए बंद कमरे में बात की। मरांडी ने कहा, 'बिना शर्त, हमारी पार्टी हेमंत सोरेन का समर्थन करेगी क्योंकि उनके पास आवश्यक बहुमत है।' मरांडी की पार्टी ने 81 सदस्यीय विधानसभा में तीन सीटें जीतीं हैं। सरकार में शामिल होने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि यह मुख्यमंत्री का विवेक है। झामुमो गठबंधन के पास बहुमत है। सामान्य उद्देश्य को लेकर भले हम अलग लड़े लेकिन हमारी सोच एक थी।
गठबंधन को मिली हैं 47 सीटें
बता दें कि 81 सीटों वाली झारखंड विधानसभा में झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के नेतृत्व में महागठबंधन ने 47 सीटें जीत कर स्पष्ट बहुमत प्राप्त कर लिया है। सत्ताधारी भाजपा के मुख्यमंत्री रघुबर दास और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा की हार के साथ भाजपा को सिर्फ 25 सीटें हासिल हुई। चुनाव आयोग ने सोमवार रात तक राज्य की सभी 81 सीटों के परिणाम घोषित कर दिये। झामुमो नेता हेमंत सोरेन ने मोरहाबादी मैदान में नई सरकार के शपथग्रहण की घोषणा की है।
30 सीटों के साथ बना बड़ा दल
इन चुनावों में झामुमो ने रिकार्ड 30 सीटें जीतीं जिससे वह विधानसभा में सबसे बड़ा दल भी बन गया। वहीं कांग्रेस को भी 16 और राजद को एक सीट पर जीत मिली है। दुमका और बरहेट दोनों सीटों से हेमंत सोरेन की शानदार जीत के बाद उनके छोटे भाई बसंत सोरेन ने मंगलवार को कहा कि झामुमो के नेतृत्व वाला गठबंधन दो-तीन दिनों में सरकार बनाएगा। बसंत ने यहां संवाददाताओं से कहा, "जैसा कि लोगों का जनादेश हमारे साथ है, हम 2-3 दिनों में सरकार बना रहे हैं।" यह पूछे जाने पर कि क्या सरकार महाराष्ट्र के समान विपक्षी गठबंधन द्वारा बनाई जाएगी, उन्होंने कहा, "महाराष्ट्र का परिदृश्य यहां से बिल्कुल अलग था।"