Advertisement

बिहार: कुशवाहा के बाद मुकेश सहनी महागठबंधन में शामिल, भाजपा पर लगाया वादाखिलाफी का आरोप

रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा के बाद विकासशील इंसान पार्टी प्रमुख और सन ऑफ मल्लाह के नाम से...
बिहार: कुशवाहा के बाद मुकेश सहनी महागठबंधन में शामिल, भाजपा पर लगाया वादाखिलाफी का आरोप

रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा के बाद विकासशील इंसान पार्टी प्रमुख और सन ऑफ मल्लाह के नाम से मशहूर मुकेश सहनी बिहार में महागठबंधन में शामिल हो गए। उन्होंने तेजस्वी यादव के आवास पर रविवार को विधिवत इसकी घोषणा कर दी। इस मौके पर तेजस्वी के अलावा उपेंद्र कुशवाहा और पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी भी मौजूद रहे। महागठबंधन के सभी नेताओं ने मुकेश सहनी का महागठबंधन में आने के लिए स्वागत किया। 

2019 में एनडीए सरकार का होगा सफाया: सहनी

मुकेश सहनी के शामिल होने पर तेजस्वी यादव ने कहा कि इनके आने से हमारी ताकत बढ़ी है। वहीं मुकेश सहनी ने बीजेपी पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। सहनी ने कहा कि केंद्र सरकार के खिलाफ 2019 में आर-पार की लड़ाई होगी। एनडीए सरकार का सफाया हो जाएगा। उन्होंने कहा कि बिहार में भी महागठबंधन की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि एनडीए 2 अंकों में सिमट जाएगी. उन्होंने कहा कि 7 जनवरी को माछ-भात का आयोजन करेंगे। सहनी ने नारा भी दिया ''माछ-भात खाएंगे, महागठबन्धन को जिताएंगे।'' तेजस्वी यादव ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार की जनता का अपमान किया है। बिहार के जनादेश को ठेंगा दिखाने का काम किया है।

पासवान मौसम को पहचानते हैं: कुशवाहा

उधर रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने केंद्र पर बरसते हुए लोजपा को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने रामविलास पासवान के राज्यसभा में जाने की घोषणा पर कहा कि पासवान ने अपने लिए सीट पक्की कर दी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इस बार शायद वो चुनाव लड़ने से डर गए, इसलिए राज्यसभा की राह अपना रहे हैं। वे मौसम को सही तरह से पहचानते हैं। वहीं हम के मुखिया जीतनराम मांझी ने भी पासवान पर चुटकी ली। उन्होंने कहा कि 6 सीटों में से 1 या 2 सीट ही पासवान जीत पाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि चिराग जीएसटी और नोटबंदी के नाम पर केवल सीट की राजनीति कर रहे थे।

इससे पहले तेजस्वी और मुकेश सहनी एक साथ दिल्ली से पटना पहुंचे थे। वहां संवाददाताओं से मुकेश ने कहा था कि अगले 24 घंटे में ये साफ हो जाएगा कि मैं किस तरफ रहूंगा।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad