Advertisement

कर्नाटक: मंत्रियों को विभागों के आवंटन में देरी, सिद्धारमैया और बोम्मई आमने-सामने

कर्नाटक में विपक्ष भाजपा द्वारा राज्य विधानसभा में मुद्दा उठाए जाने के बाद अब कर्नाटक के मुख्यमंत्री...
कर्नाटक: मंत्रियों को विभागों के आवंटन में देरी, सिद्धारमैया और बोम्मई आमने-सामने

कर्नाटक में विपक्ष भाजपा द्वारा राज्य विधानसभा में मुद्दा उठाए जाने के बाद अब कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा कि उनके मंत्रिमंडल के मंत्रियों को जल्द ही विभागों का आवंटन किया जाएगा। मंत्रियों को विभाग देने में देरी के बाद पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने सवाल उठाया था। इसी के जवाब में अब मुख्यमंत्री ने सदन में आश्वासन दिया।

बता दें कि सिद्धारमैया और राज्य कांग्रेस अध्यक्ष डी के शिवकुमार ने विगत 20 मई को आठ विधायकों के साथ क्रमशः मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के पद की शपथ ली। मुख्यमंत्री द्वारा विधानसभा में मंत्रियों का परिचय कराने के दौरान, बोम्मई ने कहा, "मुख्यमंत्री का सदन में मंत्रियों का परिचय देना अच्छा है। सभी को मेरी ओर से बधाई। लेकिन यह उचित होता अगर मुख्यमंत्री ने मंत्रियों को विभागों का आवंटन कर दिया होता।"

उन्होंने कहा, "ऐसा अबतक क्यों नहीं हुआ ? जितनी जल्दी आवंटन होगा, उतना अच्छा होगा।" इस पर प्रतिक्रिया देते हुए, सिद्धारमैया ने आश्वासन दिया कि जल्द ही मंत्रियों को विभागों का आवंटन किया जाएगा। उन्होंने कहा, "हम उन्हें जल्द से जल्द जिम्मेदारी देंगे। मुख्यमंत्री के रूप में बी एस येदियुरप्पा अकेले कैबिनेट में कब तक थे?"

"श्रीमान पूर्व मुख्यमंत्री (बोम्मई), आपको कोई संदेह करने की आवश्यकता नहीं है, उन्हें (मंत्रियों को) कैबिनेट में जिम्मेदारी जल्द ही दी जाएगी।" बोम्मई ने पलटवार किया और कहा, "येदियुरप्पा ने तब अकेले शपथ ली थी, इसलिए अकेले थे। लेकिन इस बार आप उन्हें मंत्री बनाएं और उन्हें जिम्मेदारी न दें, लोग क्या सोचेंगे?" इस पर सीएम ने कहा, ''कोई कुछ नहीं सोचेगा, आप विपक्ष सोचिए नहीं तो बहुत हो जाएगा। आपके सुझाव के लिए धन्यवाद।'' बताया जा रहा है कि सिद्धारमैया और शिवकुमार आज कांग्रेस आलाकमान से मिलने दिल्ली रवाना हो रहे हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad