Advertisement

स्वर्ण मंदिर में राहुल गांधी की जेब किसने काटी- हरसिमरत का सवाल, कांग्रेस ने कहा, झूठी खबर न फैलाएं

पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी है। अब पूर्व केंद्रीय...
स्वर्ण मंदिर में राहुल गांधी की जेब किसने काटी- हरसिमरत का सवाल, कांग्रेस ने कहा, झूठी खबर न फैलाएं

पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी है। अब पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं शिरोमणि अकाली दल (शिअद) सांसद हरसिमरत कौर बादल ने शनिवार को सवाल किया, ‘‘श्री हरमंदिर साहिब में राहुल गांधी की जेब किसने काटी।’’ इस पर कांग्रेस ने पलटवार करते हुए उनसे कहा कि वह झूठी खबर नहीं फैलायें।

राहुल गांधी बुधवार को पंजाब के एक दिवसीय दौरे पर थे। वह अमृतसर में स्वर्ण मंदिर भी गए थे। इस दौरान 20 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के कई प्रत्याशियों ने भी मत्था टेका। गांधी उस शाम बाद में जालंधर भी गए जहां उन्होंने एक डिजिटल रैली को संबोधित किया।

कांग्रेस नेता गांधी जब स्वर्ण मंदिर गए थे तब उनके साथ पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी, डिप्टी सीएम सुखजिंदर सिंह रंधावा और ओ पी सोनी और प्रदेश कांग्रेस प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू भी थे।।

हरसिमरत कौर ने प्रश्न किया, ‘‘श्री हरमंदिर साहिब में राहुल गांधी की जेब किसने काटी? चरणजीत चन्नी? शेरीओनटॉप? (नवजोत सिद्धू) या सुखजिंदर (उप मुख्यमंत्री रंधावा)? ये तीन लोग ही थे जिन्हें जेड-सुरक्षा ने उनके पास जाने की इजाजत दी थी। या यह ‘बेअदबी’ की घटनाओं के बाद हमारे सबसे पवित्र धर्मस्थल का नाम बदनाम करने की केवल एक और कोशिश है।’’

हालांकि, हरसिमरत ने कथित घटना के बारे में कोई अन्य जानकारी नहीं दी।

हरसिमरत कौर पर पलटवार करते हुए कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने उनके पोस्ट को रीट्वीट किया और कहा, ‘‘हरसिमरत जी, जब ऐसा कुछ हुआ ही नहीं तो ऐसी झूठी खबरें फैलाना पवित्र गुरु घर की बेअदबी है। चुनावी गतिरोध चलेगा पर आपको जुम्मेवारी व परिपक्वता दिखानी चाहिये। हाँ, मोदी सरकार की कैबिनेट में बैठ काले क़ानूनों पर मोहर लगवाना मेहनती किसानों की जेब काटने जैसा ज़रूर है।’’

बता दें कि सितंबर, 2020 में कृषि कानूनों को लेकर इस्तीफा देने से पहले हरसिमरत कौर केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री थीं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad