पाकिस्तान और अफगानिस्तान के सीमाई इलाकों में आज एक शक्तिशाली भूकंप आया जिसमें 89 लोग घायल हो गए। 6.9 तीव्रता के भूकंप के झटकों को अफगानिस्तान पाकिस्तान समेत उत्तर भारत में भी महसूस किया गया।
तेलंगाना के करीमनगर में 28 साल के एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने आज खौफनाक तरीके से तलवार से हमला कर अपने माता-पिता और तीन कांस्टेबल समेत 22 लोगों को घायल कर दिया। हालांकि पुलिस की कार्रवाई में वह मारा गया। हमलावर के माता-पिता और एक ऑटो चालक गंभीर हालत में हैं। उसे रोकने की कोशिश करने वाले पुलिसकर्मी भी गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका तथा अन्य घायलों का एक स्थानीय अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
रूस में एक अस्पताल में आग लगने की बेहद दर्दनाक घटना में कई लोगों की जान चली गई है। बताया जा रहा है कि यह आग दक्षिणी रूस के एक मनोरोग अस्पताल में लगी, जिसमें 23 लोगों की मौत हो गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
शनिवार की दोपहर अचानक हुए दो धमाकों से असम का गुवाहाटी शहर थर्रा उठा। ये धमाके गुवाहाटी के व्यस्त वाणिज्यिक फैंसी बाजार इलाके में हुए। इन धमाकों में दो लोगों के घायल होने की खबर है।
अमेरिका के न्यू ऑर्लियंस मैदान में एक संगीत वीडियो की शूटिंग के दौरान एकत्र सैकड़ों लोगों की भीड़ के बीच दो समूहों की ओर से एक दूसरे पर की गई गोलीबारी में कम से कम 16 लोगों के घायल होने की खबर है।
दक्षिणी नेपाल में एक प्रमुख राजमार्ग पर मधेसी प्रदर्शनकारियों की नाकेबंदी को हटाने की कोशिश में सुरक्षाकर्मियों के गोली चलाने से कम से कम 4 व्यक्ति मारे गए और कई घायल हो गए। चार मधेसी पार्टियों को मिलाकर बने मधेसी मोर्चे और सरकार के बीच संविधान संशोधन पर वार्ता असफल रहने के बाद नेपाल में फिर हिंसा भड़क उठी है।
टाटा स्टील के कोक संयंत्र में मरम्मत के दौरान अमोनिया स्क्रबर में विस्फोट में ठेके पर काम करने वाले कम से कम 16 कामगार घायल हो गए। यह बात एक अधिकारी ने कही।
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में गोहत्या की अफवाह के बाद एक ट्रक पर हुए पेट्रोल बम हमले में घायल जाहिद की कल दिल्ली में मौत हो गई। यह खबर पहुंचते ही श्रीनगर में माहौल तनावपूर्ण हो गया है। कई अलगाववादी संगठनों ने बंद का ऐलान किया है। बंद के मद्देनजर कश्मीर के आठ पुलिस थाना इलाकों में कर्फ्यू जैसे प्रतिबंध लगाए गए हैं और कई अलगाववादी नेताओं को नजरबंद किया गया है।