उत्तर प्रदेश में एक दलित आदमी पर कथित तौर पर हमला करने और उसके खिलाफ जातिवाद की टिप्पणी करने पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह मामला उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर का है।
कोलकाता पुलिस ने विरोध प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार किए गए भाजपा नेताओं को आज अदालत के सामने पेश किया है। भाजपा नेताओं ने अपने पार्टी के लोगों पर हो रहे हमले और बिगड़ती कानून व्यवस्था के विरोध में गुरुवार को यह प्रदर्शन किया था, जिसने बाद में हिंसक रुप धारण कर लिया।
पंजाब के पूर्व डीजीपी केपीएस गिल का लंबी बीमारी के बाद आज निधन हो गया। गिल ने दोपहर ढाई बजे दिल्ली के गंगा राम अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनकी आयु 82 वर्ष थी। गिल ने पंजाब में आतंकवाद को समाप्त करने में अहम भूमिका निभाई थी।
एसएस राजामौली के निर्देशन में बनी फ़िल्म बाहुबली में कटप्पा का किरदार निभाने वाले अभिनेता सत्यराज समेत 8 लोगों के खिलाफ़ कोर्ट ने गैर-जमानती वारंट जारी किया है। ये वारंट कोर्ट के सामने पेश ना होने के कारण जारी किया गया है।
लालू प्रसाद यादव की बेटी मीसा भारती के चार्टर्ड अकाउंटेंट राजेश अग्रवाल को 8000 करोड़ के मनी लॉन्डिंग मामले में गिरफ्तार कर लिया है। एन्फोर्समेंट डिपार्टमेंट ने यह कार्रवाई की है।
आरजेडी के पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह को विधायक की हत्या के मामले में अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। झारखंड के हजारीबाग कोर्ट ने उन्हें विधायक अशोक सिंह की हत्या का दोषी पाया था।
यूपी के मथुरा में ज्वैलर्स हत्याकांड सुलझाने का दावा करने वाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने देर तक चली मुठभेड़ के बाद मथुरा ज्वैलर्स हत्याकांड मामले को अंजाम देने वाले छह बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है।
मध्य प्रदेश में एक बार फिर से भाजपा अपने कारनामों को लेकर चर्चा में बनी हुई है। इस बार भाजपा का चर्चा का विषय कोई और नहीं बल्कि उन्हीं के एक नेता पर ऑनलाइन सेक्स रैकेट चलाने का आरोप है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी नेता नीरज शाक्य समेत 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। नीरज शाक्य भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी (एससी मोर्चा) हैं।
सीबीआई की विशेष अदालत ने आज कोयला घोटाले से जुड़े एक मामले में फैसला दिया है। अदालत ने इस मामले में पूर्व कोयला सचिव एच सी गुप्ता, केएसएसपीएल कंपनी के एमडी पवन अहलूवालिया और संयुक्त सचिव क्रोफा को कई धाराओं के तहत दोषी ठहराया है।