हिमाचल के जंगलों से निकलकर शहर तक फैलने वाली नई बीमारी स्क्रब टाइफस से अब तक 24 लोगों की जान चली गई है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक 855 से ज्यादा लोग इसके संक्रमण में है। इसके लक्षण डेंगू और चिकनगुनिया की तरह हैं और इसी के चलते लोगों में आमतौर पर इसका पता लगाना और भी मुश्किल हो जाता है। यह बीमारी घास में मौजूद पिस्सुओं के काटने से होती है।
दिल्ली में डेंगू व चिकनगुनिया के बीच जनता को छोड़कर जाने वाले नेताओं में आप के अलावा भाजपा के नेता भी शामिल हैं। इन जिम्मेदार नेताओं के विदेश दौरों को लेकर राजधानी दिल्ली की राजनीति गर्म है। दौरा समाप्त होने से एक दिन पहले ही उपराज्यपाल नजीब जंग ने फिनलैंड एजुकेशन टूर पर गए मनीष सिसोदिया का दौरा तक निरस्त कर दिया।
उपराज्यपाल नजीब जंग द्वारा दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को फिनलैंड से लौटने के लिए फैक्स भेजने के बाद अचानक शनिवार को आप के मंत्री सत्येंद्र जैन और कपिल मिश्रा जंग से मिलने उनके कार्यालय पहुंच गए। लेकिन जंग के वहां न होने के कारण उनकी मुलाकात नहीं हो पाई जिसके बाद दोनों पक्षों में आरोप-प्रत्यारोप का नया दौर शुरू हो गया।