Advertisement

आखिरी टी20 मैच जीतकर भारत ने श्रृंखला अपने नाम किया

भारत ने हरारे में बुधवार को बेहद उतार-चढ़ाव वाले तीसरे और निर्णायक टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में जिम्बाब्वे को तीन रन से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला 2-। से जीत ली।
आखिरी टी20 मैच जीतकर भारत ने श्रृंखला अपने नाम किया

मैच में पहले बल्लेबाजी का न्यौता पाने वाले भारत की शुरूआत अच्छी नहीं रही। एक समय भारत का स्कोर तीन विकेट पर 27 रन हो गया था लेकिन जाधव के 42 गेंदों पर सात चौकों और एक छक्के की मदद से बनाए गए 58 रन की बदौलत भारत छह विकेट पर 138 रन का सम्मानजनक स्कोर बनाने में सफल रहा। जिम्बाब्वे की तरफ से डोनाल्ड टिरिपानो सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 20 रन देकर तीन विकेट लिए जो उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी है। जिम्बाब्वे ने वुसी सिबांडा (28), पीटर मूर (26) और टिमिसेन मारूमा (23) की तेजतर्रार पारियों से आखिरी गेंद तक मैच को रोमांचक बनाए रखा लेकिन आखिर में उसकी टीम छह विकेट पर 135 रन ही बना पाई और इस तरह से भारत ने वनडे श्रृंखला में क्लीनस्वीप करने के बाद टी20 श्रृंखला भी अपने नाम कर इस संक्षिप्त दौरे का अंत किया।

 

आखिरी ओवर में हालांकि मैच रोमांचक बन गया था। जिम्बाब्वे को इस ओवर में 21 रन की दरकार थी। पिछले मैच के नायक बरिदंर सरन की पहली गेंद पर छक्का जड़ा। दूसरी गेंद वाइड गई जबकि अगली गेंद नो बॉल हो गई जिसमें चौका लगा। पांचवीं गेंद पर एल्टन चिगुंबुरा (16) ने चौका लगा दिया। अब अंतिम गेंद पर चार रन की दरकार थी लेकिन चिगुंबुरा कामयाब नहीं हो पाए और कवर पर कैच दे बैठे। इससे पहले जिम्बाब्वे की तरफ से शुरू में सिबांडा ने रन बनाने का जिम्मा उठाया। उन्होंने हैमिल्टन मासकाद्जा (16) के साथ दूसरे विकेट के लिए 40 रन की साझेदारी की। भारत ने इन तीन रन के अंदर तीन विकेट लेकर मैच में वापसी की। अक्षर पटेल ने मासकाद्जा जबकि कुलकर्णी ने सिबांडा को पगबाधा आउट किया। पर मूर ने आते ही भारतीयों की धड़कने बढाते हुए यजुवेंद्र चाहल पर छक्का लगाया और उनके अगले ओवर में दो और छक्के जड़े। आखिर में चहल ने ही मूर को मनदीप सिंह के हाथों कैच कराया।

 

इससे पूर्व भारत को दौरे में पहली बार पहले बल्लेबाजी का मौका मिला लेकिन जिम्बाब्वे ने उसका शीर्ष क्रम झकझोर कर पहले क्षेत्ररक्षण के अपने फैसले को सही साबित कर दिया। मनदीप सिंह (चार) के.एल राहुल (22) और मनीष पांडे (0) पहले पांच ओवर के अंदर ही पवेलियन लौट गए। पहले दो ओवरों में भारत के केवल चार रन बने। भारत दसवें ओवर में 50 रन के पार पहुंचा। जाधव ने पहले गेंदबाजों को समझने के बाद अपने हाथ खोलने शुरू किए जबकि रायुडु 24वीं गेंद का सामना करते हुए पहली बार गेंद को सीमा रेखा के दर्शन करा पाए। उन्होंने इसके तुरंत बाद लौंग ऑन पर आसान कैच देकर अपना विकेट गंवाया। रिकार्ड 324वें मैच में भारत की कप्तानी कर रहे महेंद्र सिंह धोनी 13 गेंद पर केवल नौ रन बना पाए। टिरिपानो ने अपने दूसरे स्पैल की दूसरी गेंद पर ही उन्हें बोल्ड कर दिया। जाधव ने 17वें ओवर की पहली गेंद पर छक्का जड़ भारतीय स्कोर को तिहरे अंक में पहुंचाया। टिरिपानो ने उन्हें लौंग ऑन पर आसान कैच देने के लिए मजबूर किया। अक्षर पटेल (नाबाद 20) ने पारी के आखिरी ओवर में मादजिवा पर छक्का जड़ा।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad