Advertisement

यदि धोनी 2019 विश्व कप नहीं खेलेंगे तो सही फैसला : द्रविड़

भारत के पूर्व कप्तान और ए टीम के मौजूदा कोच राहुल द्रविड़ का मानना है कि यदि महेंद्र सिंह धोनी 2019 विश्व कप की टीम में खुद को नहीं देखते तो कप्तानी छोड़ने की उनकी टाइमिंग सही थी। द्रविड़ ने कहा , धोनी का फैसला ज्यादा हैरानी भरा नहीं है।
यदि धोनी 2019 विश्व कप नहीं खेलेंगे तो सही फैसला : द्रविड़

उसे पता था कि यह होना ही है। ऐसी अटकलें थी कि वह चैम्पियंस ट्राफी तक पद पर रहेगा लेकिन उससे पहले सिर्फ एक वनडे श्रृंखला थी। उन्होंने ईएसपीएन क्रिकइन्फो से कहा , उसके नजरिये से देखें तो अगर वह खुद को अगले विश्व कप की टीम में नहीं देखता तो उसकी टाइमिंग सही है। विराट कोहली को बागडोर सौंपने का यह सही समय है ताकि उसे अगले विश्व कप के लिये अपनी मनचाही टीम तैयार करने का समय मिल जाये।

उन्होंने कहा,  इसमें कोई शक नहीं कि एमएस धोनी जैसा अनुभवी और सक्षम क्रिकेटर जब फार्म में है तो टीम के लिये अनमोल है। उसके पास अपार अनुभव और क्षमता है, खासकर दबाव के क्षणों में। यह आसानी से नहीं मिलता।

उन्होंने कहा , सवाल यही है कि आपको टीम में अपनी जगह बनानी पड़ती है और प्रदर्शन के दम पर। यदि वह फार्म में है और अच्छा खेल रहा है तो धोनी जैसा खिलाड़ी भारत के लिये अनमोल है , खासकर तब जबकि बड़े टूर्नामेंट आ रहे हैं।

द्रविड़ ने कहा कि बड़े टूर्नामेंटों से पहले धोनी का फार्म एक मसला होगा। उन्होंने कहा,  मेरा मानना है कि यह भी उसके अपने प्रदर्शन और क्षमता पर निर्भर होगा। यह उसी पर तय होगा कि वह कैसा प्रदर्शन करता है। टीम में उसकी जगह विशुद्ध रूप से विकेटकीपिंग और बल्लेबाजी पर निर्भर होगी।

उन्होंने कहा,  कोहली दुआ करेगा कि धोनी अच्छा प्रदर्शन करें और टीम में रहे। इस तरह के अनुभव और क्रिकेट के ज्ञान की टीम को जरूरत है। द्रविड़ ने कहा कि इतिहास उन्हें भारत के सफल कप्तान के रूप में याद रखेगा।

उन्होंने कहा,  इतिहास उन्हें भारत के सबसे सफल कप्तान के तौर पर याद रखेगा। एक ऐसा कप्तान जो अपने दौर में टीम और खेल को काफी आगे ले गया।

भाषा

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad