Advertisement

सोनिया गांधी और राहुल से भी अमीर हैं गौतम गंभीर

नामांकन प्रक्रिया खत्म होने के साथ ही दिल वालों की दिल्ली में चुनावी रण का शंखनाद हो चुका है। बुधवार से...
सोनिया गांधी और राहुल से भी अमीर हैं गौतम गंभीर

नामांकन प्रक्रिया खत्म होने के साथ ही दिल वालों की दिल्ली में चुनावी रण का शंखनाद हो चुका है। बुधवार से लगभग सभी उम्मीदवार चुनाव प्रचार के लिए मैदान में होंगे, लेकिन पूर्वी दिल्ली से भाजपा उम्मीदवार क्रिकेटर गौतम गंभीर नामांकन के बाद ही चर्चाओं में आ गए हैं। 37 वर्षीय गौतम गंभीर ने संपत्ति के मामले में आप और कांग्रेस सहित अपनी ही पार्टी के उम्मीदवारों को पीछे छोड़ दिया है। यही नहीं गंभीर ने देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी को भी इस मामले में पछाड़ दिया है। 

सालाना करीब 12.40 करोड़ रुपये की है कमाई

दिल्ली में अबकी बार सबसे अमीर उम्मीदवार गौतम गंभीर हैं, जिन्होंने नामांकन के दौरान कुल संपत्ति 147 करोड़ रुपये घोषित की है। उन्होंने अपनी अचल संपत्ति 24 करोड़ और चल संपत्ति के रुप में 123 करोड़ रुपये से ज्यादा का शपथ पत्र दिया है। उन्होंने 2017-18 के लिए दाखिल आयकर रिटर्न में करीब 12.40 करोड़ रुपये की आय दिखाई है।

पिता दीपक गंभीर के नाम भी है 7.98 करोड़ रुपये की संपत्ति

जबकि उनकी पत्नी नताशा गंभीर के नाम एक करोड़ 15 लाख से ज्यादा चल और पिता दीपक गंभीर के नाम 7.98 करोड़ रुपये की संपत्ति है। दिल्ली की सातों सीटों पर आप, कांग्रेस और भाजपा के उम्मीदवारों में ये संपत्ति सबसे ज्यादा है। क्रिकेटर गौतम गंभीर प्रॉपर्टी में निवेश करने वालों से धोखाधड़ी करने के आरोपी भी हैं। उनके खिलाफ साकेत कोर्ट में एक मुकदमा भी चल रहा है।

महाबल मिश्रा हैं कांग्रेस के सबसे अमीर उम्मीदवार

वहीं कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवारों में सबसे अमीर महाबल मिश्रा हैं। पश्चिम दिल्ली सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार महाबल मिश्रा ने नामांकन पत्र के साथ दिए संपत्ति के ब्यौरे में 18.26 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की है। जबकि उनकी पत्नी के नाम 26.74 करोड़ रुपये की संपत्ति है। महाबल मिश्रा ने करीब 3.54 करोड़ रुपये चल और 14.72 करोड़ रुपये बतौर अचल संपत्ति के रुप में बताए हैं। उनकी पत्नी के पास 5.74 करोड़ चल और 21 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। 

आम आदमी पार्टी में पंकज गुप्ता हैं सबसे अमीर

वहीं अगर बात करें आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों की तो सात में से सबसे अमीर पंकज गुप्ता हैं। पंकज गुप्ता ने चांदनी चौक सीट से नामांकन दाखिल किया है। उनके पास 10.45 करोड़ रुपये की संपत्ति है। जबकि उनकी पत्नी के नाम 9 करोड़ 97 लाख रुपये की संपत्ति है।

राहुल गांधी के पास हैं 15.88 करोड़ रुपये

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की संपत्ति पिछले पांच सालों में 68.93% बढ़ी है और अब 15.88 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गई है। यह जानकारी खुद कांग्रेस अध्यक्ष ने वायनाड लोकसभा सीट पर नामांकन पत्र भरने के दौरान बताई। राहुल गांधी ने सौंपे गए हलफनामे में इस बात की जानकारी दी कि मौजूदा समय में उनके पास 15.88 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है। साल 2014 के लोकसभा चुनाव में राहुल ने अपनी कुल संपत्ति 9.40 करोड़ रुपये बताई थी।

सोनिया गांधी के पास है कुल 11.82 करोड़ रुपये की संपत्ति

यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा रायबरेली सीट से नामांकन के दौरान दिए शपथ पत्र के अनुसार उनकी कुल संपत्ति 11.82 करोड़ रुपये है। 2014 के आम चुनाव के दौरान उन्होंने अपनी संपत्ति 9.28 करोड़ रुपये घोषित की थी। यही नहीं सोनिया ने अपने बेटे और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को पांच लाख रुपये का कर्ज दे रखा है। इसके अलावा उनके पास इटली में 7,52,81,903 रुपये मूल्य की विरासत में मिली प्रॉपर्टी में भी हिस्सा है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad