Advertisement

हाकी लीगः नीलामी में फुएर्त्से सबसे महंगे, सरदार को कम दाम

जर्मनी के स्टार मिडफील्डर मौरित्ज फुएर्त्से गुरुवार हाकी इंडिया लीग के लिए हो रही नीलामी में पहले दौर में सबसे महंगे बिके जिन्हें 105000 डॉलर में कलिंगा लांसर्स ने खरीदा जबकि भारतीय कप्तान सरदार सिंह को अपेक्षाकृत कम कीमत (58000 डॉलर) मिली।
हाकी लीगः नीलामी में फुएर्त्से सबसे महंगे, सरदार को कम दाम

एचआईएल के लिए हो रही नीलामी में आज 135 भारतीय और 137 विदेशी खिलाडि़यों पर बोली लगनी है। नए नियमों के तहत हर टीम में 20 खिलाड़ी होंगे जिनमें 12 भारतीय और आठ विदेशी होंगे। शुरूआती दौर में बिके 60 खिलाडि़यों में जर्मनी के फुएर्त्से सबसे महंगे बिके जिन्हें कलिंगा लांसर्स ने 105000 डॉलर में खरीदा। जर्मनी के लिये 256 मैचों में 109 गोल कर चुके फुएर्त्से पिछले सत्र में रांची रेस के मारकी खिलाड़ी थे जिन्हें इस बार रिलीज किया था। उनका बेसप्राइज 30000 डालर था लेकिन दबंग मुंबई और कलिंगा लांसर्स के बीच उन्हें खरीदने की होड़ में कलिंगा ने बाजी मारी।

जर्मनी के फारवर्ड फ्लोरियन फुश और डिफेंडर तबियास हाउके को 96000 डॉलर में क्रमश: मुंबई और यूपी विजार्ड्स ने खरीदा। भारतीयों में पहले दौर में सबसे महंगे पेनल्टी कार्नर विशेषग्य रूपिंदर पाल सिंह बिके जिन्हें दिल्ली वेवराइडर्स ने ही 68000 डॉलर में खरीदा। दिल्ली और मुंबई के बीच उन्हें खरीदने के लिए होड़ रही लेकिन पिछली फ्रेंचाइजी दिल्ली ने ही उन पर फिर अधिक बोली लगाई। मिडफील्डर धरमवीर सिंह को कलिंगा लांसर्स ने 60000 डॉलर में खरीदा जबकि उनका बेसप्राइज 20000 डॉलर था। दिल्ली वेवराइडर्स के मारकी खिलाड़ी रहे भारतीय कप्तान सरदार सिंह को कम दाम मिलना हैरानी का सबब रहा। उन्हें जेपी पंजाब वारियर्स ने 58000 डालर में खरीदा।

यूपी और दिल्ली को पछाड़कर दबंग मुंबई ने आस्ट्रेलिया के लिए 247 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके डिफेंडर मैथ्यू स्वान को 75000 डॉलर में खरीदा जिनका बेसप्राइज 20000 डॉलर था। आस्ट्रेलिया के ही मिडफील्डर कीरान गोवर्स (बेसप्राइज 25000 डॉलर) को मुंबई ने 36000 डॉलर में खरीदा। रांची रेस ने मिडफील्डर विक्रमजीत सिंह को बेसप्राइज 4500 डालर में खरीदा। वहीं आस्ट्रेलियाई फारवर्ड फ्लिन ओगिल्वी भी बेसप्राइज 10000 डॉलर में बिके जिन्हें रांची रेज ने ही खरीदा।

युवा डिफेंडर आनंद लाकड़ा को कलिंगा लांसर्स ने 8000 डालर में खरीदा जबकि उनका बेसप्राइज 4500 डालर था। युवा फारवर्ड परविंदर सिंह को बेसप्राइज (6000 डॉलर) से करीब पांच गुना अधिक कीमत पर दिल्ली ने 29000 डालर में खरीदा। वहीं डिफेंडर अमित रोहिदास भी 8000 डॉलर की बेसप्राइज से कहीं अधिक कीमत पर बिके। उन्हें कलिंगा ने 31000 डालर में खरीदा। युवा मिडफील्डर एस नीलकांत शर्मा को मुंबई ने बेसप्राइज (2600  डॉलर) पर खरीदा।

स्वीडन के फारवर्ड योहान ब्योर्कमैन को मुंबई ने 10000 डॉलर (बेसप्राइज 5000 ) में खरीदा। गोलकीपरों में न्यूजीलैंड के डेवोन मैनचेस्टर को दिल्ली ने 25000 डालर में खरीदा जबकि उनका बेसप्राइज 15000 डालर था। फुएर्त्से को इतना महंगा खरीदने के बारे में पूछने पर कलिंगा लांसर्स के मेंटर और भारत के पूर्व कप्तान दिलीप टिर्की ने कहा कि टीम प्रबंधन उन्हें खरीदने का इरादा लेकर ही उतरा था।

उन्होंने कहा , पिछले दो सत्रों में हमारा प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है, लिहाजा इस बार हम मजबूत टीम बनाना चाहते हैं और हम सोचकर आये हैं कि किन खिलाड़यों को खरीदना है। फुएर्त्से उनमें से एक हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad