Advertisement

अजलान शाह कप में भारत ने पोलैंड को 10-0 से रौंदा, दक्षिण कोरिया से होगी फाइनल में भिड़ंत

भारतीय हॉकी टीम ने मलेशिया के इपोह में खेले जा रहे अजलान शाह कप में शुक्रवार को पोलैंड को 10-0 से हरा...
अजलान शाह कप में भारत ने पोलैंड को 10-0 से रौंदा, दक्षिण कोरिया से होगी फाइनल में भिड़ंत

भारतीय हॉकी टीम ने मलेशिया के इपोह में खेले जा रहे अजलान शाह कप में शुक्रवार को पोलैंड को 10-0 से हरा दिया। हालांकि भारत फाइनल में पहले ही जगह बना चुका था। भारत के 8 खिलाड़ियों ने गोल किए। स्ट्राइकर मनदीप सिंह ने अपनी बेहतरीन फार्म बरकरार रखते हुए 2 गोल किये और वरुण कुमार ने भी 2 गोल दागे। इसके अलावा विवेक प्रसाद, सुमित कुमार, अमित रोहितदास, सुरेंदर कुमार, सिमरनजीत सिंह और नीलकांत शर्मा ने 1-1 गोल किया। अब 30 मार्च को फाइनल मुकाबले में दक्षिण कोरिया से भारत की भिड़ंत होगी। भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में अब तक एक भी मैच नहीं हारी है।

भारत ने अपने पहले मुकाबले में जापान को 2-0 से हराया था। इसके बाद दक्षिण कोरिया के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेला। अपने तीसरे मुकाबले ने भारतीय टीम ने मलेशिया के खिलाफ 4-2 से जीत हासिल की। चौथे मैच में कनाडा को 7-3 से हराया था।

टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 24 गोल किए हैं

यह टूर्नामेंट राउंड-राबिन के आधार पर खेला जा रहा है। इस लीग मुकाबलों में शीर्ष पर रहने वाली दो टीमों के बीच फाइनल होता है। भारतीय टीम पांच मैचों में 13 अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर है। भारत ने टूर्नामेंट में अब तक 24 गोल किए हैं, जबकि सिर्फ 6 खाए हैं। वहीं दूसरे स्थान पर काबिज दक्षिण कोरिया ने 4 मैचों में 10 अंक हासिल किए हैं। उसने 12 गोल किए और 7 खाए हैं। उसका 5वां मैच जापान से है। यदि वह जापान से जीत भी जाता है तब भी दूसरे नंबर पर ही रहेगी। हां, यदि वह जापान को 14 या उससे ज्यादा गोल के अंतर से हारने में सफल रहती है, तब वह जरूर पहले नंबर पर आ जाएगी।

ऐसे हुए गोल

मैच के पहले मिनट में विवेक प्रसाद ने फील्ड गोल किया। फिर छह मिनट बाद ही सुमित कुमार ने एक और फील्ड गोल कर भारतीय टीम की बढ़त 2-0 कर दी। 18वें मिनट में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला। वरुण कुमार ने इसे गोल में तबदील किया। अगले मिनट में भारत को फिर से एक पेनल्टी कॉर्नर मिला। इस बार कप्तान सुरेंदर कुमार ने इसे गोल में बदला। उसके बाद 25वें मिनट में भारतीय टीम तिसरी बार पेनल्टी कॉर्नर हासिल करने में सफल रही और वरुण कुमार ने फिर इसे गोल में बदलने में कोई गलती नहीं की। सिमरनजीत सिंह ने 29वें मिनट में फील्ड गोल कर भारत का स्कोर 6-0 कर दिया। सात मिनट बाद नीलकांत शर्मा ने फील्ड गोल किया।

मनदीप सिंह ने किए 2 मिनट में 2 गोल

आखिरी क्वार्टर शुरू होने के 5वें मिनट बाद मनदीप सिंह ने फील्ड गोल किया और उससे अगले ही मिनट वे फिर फील्ड गोल करने में कामयाब रहे। 55वें मिनट में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला और इस बार अमित रोहितदास ने इसे गोल में बदला। मनदीप ने 50वें और 51वें मिनट में बैक-टू-बैक गोल करके  टूर्नामेंट में अब तक कुल सात गोल किए हैं। 24 वर्षीय स्ट्राइकर ने बुधवार को कनाडा पर भारत की 7-3 से जीत में हैट्रिक भी बनाई थी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad