Advertisement

एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप:पीयू चित्रा ने 1500 मीटर रेस में जीता गोल्ड मेडल

एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारतीय धावक पीयू चित्रा ने 1500 मीटर रेस में गोल्ड मेडल जीत लिया है। चित्रा ने...
एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप:पीयू चित्रा ने 1500 मीटर रेस में जीता गोल्ड मेडल

एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारतीय धावक पीयू चित्रा ने 1500 मीटर रेस में गोल्ड मेडल जीत लिया है। चित्रा ने यह रेस 4.14.56 मिनट में पूरी की। 23 साल की चित्रा ने 2017 में भी गोल्ड जीता था। 1500 मीटर रेस में बहरीन की गैशॉ टाइगेस्ट ने 4.14.81 मिनट और  विनफ्रेड म्युटाइल यावी ने 4.16.18 मिनट में रेस पूरी कर क्रमशः सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल जीता।

दुती चंद ने जीता ब्रॉन्ज मेडल

वहीं दूसरी ओर 200 मीटर की रेस में भारतीय धावक दुती चंद ने ब्रॉन्ज मेडल जीता है। एशियन चैम्पियनशिप में भारत ने 17 मेडल जीते हैं। दुती चंद ने 200 मीटर की रेस 23.24 सेकंड में पूरी की। इस इवेंट में बहरीन की सलवा नासेर ने 22.74 सेकंड में रेस पूरी कर गोल्ड मेडल जीता। जबकि 22.87 सेकंड में रेस फिनिश कर कजाकिस्तान की ओल्गा सफरोनोवा ने सिल्वर मेडल जीता।

2017 में भारत पदक तालिका में शीर्ष पर रहा था

भारत ने 2017 में भुवनेश्वर के पिछले संस्करण में 29 पदक (12 स्वर्ण, 5 रजत, 12 कांस्य) जीते थे,  भारत पहली बार पदक तालिका में शीर्ष पर रहा था। इस बार बहरीन ने 11 स्वर्ण, 7 रजत और 4 कांस्य के साथ पदक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया। इसके बाद चीन (10 स्वर्ण, 13 रजत, 7 कांस्य), जापान (5 स्वर्ण, 4 रजत, 9 कांस्य) और भारत है।

दूसरी बार ऐसा हुआ कि चीन दूसरे स्थान पर रहा 

1983 के बाद यह दूसरी बार था जब चीन को दूसरे स्थान पर धकेल दिया गया हो। भारत ने 2017 में ऐसा किया था जबकि इस बार बहरीन ने ऐसा किया। भारत के 17 पदकों की संख्या को विश्वसनीय माना जा सकता है क्योंकि टीम कुछ पदक के दावेदारों के बिना टूर्नामेंट में उतरे थे, जिसमें स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा भी शामिल थे।

डिस्कस थ्रो में कोई मेडल नहीं

भारत को डिस्कस थ्रो के महिला वर्ग में भी मेडल की उम्मीद थी, लेकिन ऐसा हो नहीं सका। नवजीत ढिल्लोन अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के बावजूद चौथे नंबर पर रहीं। उन्होंने 57.47 मीटर दूर तक थ्रो किया। वहीं, कमलप्रीत कौर 55.59 मीटर दूर थ्रो करते हुए पांचवें नंबर पर रहीं।

स्वप्ना बर्मन पहले ही जीत चुकी थीं रजत पदक

महिला वर्ग के 10000 मीटर रेस संजीवनी जाधव ने 32 मिनट 44.96 सेकंड में पूरी की और ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया। इससे पहले भारतीय हेप्टाथलॉन खिलाड़ी स्वप्ना बर्मन ने सिल्वर मेडल जीता। स्वप्ना ने 5993 पॉइंट के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। उज्बेकिस्तान की एकेतेरिना वोर्निना 6198 पॉइंट के साथ टॉप पर रहीं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad